दिल्ली-एनसीआर

प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे भाजपा मुख्यालय- चुनावी नतीजों पर देश को करेंगे संबोधित

Rani Sahu
2 March 2023 3:54 PM GMT
प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे भाजपा मुख्यालय- चुनावी नतीजों पर देश को करेंगे संबोधित
x
नई दिल्ली,(आईएएनएस)| पूर्वोत्तर राज्यों में मिली जीत का जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में प्रधानमंत्री मोदी भाजपा मुख्यालय से पार्टी को जीत दिलाने के लिए मतदाताओं को धन्यवाद कहेंगे और चुनावों में कड़ी मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को बधाई भी देंगे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत मोदी सरकार के मंत्री, भाजपा के नेता और कार्यकर्ता इस जश्न में शामिल हो रहे हैं।
पूर्वोत्तर के तीनों राज्यों को लेकर तस्वीर अब साफ हो गई है। त्रिपुरा और नागालैंड में स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा गठबंधन की सरकार बनने जा रही है तो वहीं मेघालय में भी एनपीपी और भाजपा मिलकर अन्य दलों एवं निर्दलीय विधायकों के साथ मिलकर सरकार बना सकती है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर त्रिपुरा और नागालैंड की जनता को धन्यवाद कहते हुए मेघालय में समर्थन करने वाले लोगों के प्रति आभार भी जताया था।
त्रिपुरा की जनता को धन्यवाद कहते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, धन्यवाद त्रिपुरा! यह प्रगति और स्थिरता के लिए वोट है। भाजपा राज्य के विकास पथ को बढ़ावा देना जारी रखेगा। जमीनी स्तर पर शानदार प्रयासों के लिए मुझे त्रिपुरा भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं पर गर्व है।
नागालैंड के नतीजों पर प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, मैं नागालैंड के लोगों को राज्य की सेवा करने के लिए एक और जनादेश के साथ एनडीपीपी- भाजपा गठबंधन को आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद देता हूं। डबल इंजन की सरकार प्रदेश की प्रगति के लिए काम करती रहेगी। मैं अपने पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के लिए उनकी प्रशंसा करता हूं जिन्होंने यह परिणाम सुनिश्चित किया।
मेघालय में समर्थन देने वाले लोगों के प्रति आभार जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करने वाले सभी लोगों का आभार। हम मेघालय के विकास पथ को बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत करते रहेंगे और राज्य के लोगों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। मैं अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी उनके द्वारा किए गए प्रयास के लिए आभारी हूं।
--आईएएनएस
Next Story