दिल्ली-एनसीआर

छात्रों से संवाद से पहले गरमाया प्रयागराज राहुल गांधी को लेकर पोस्टर वार

Ratna Netam
8 Aug 2026 6:13 PM IST
छात्रों से संवाद से पहले गरमाया प्रयागराज राहुल गांधी को लेकर पोस्टर वार
x
प्रयागराज : कांग्रेस नेता राहुल गांधी की शनिवार को प्रस्तावित छात्र संवाद यात्रा से पहले शहर में पोस्टर वार शुरू हो गया। राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर शहर के अलग-अलग हिस्सों और प्रमुख मार्गों पर कई तरह के पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में जहां कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी को छात्रों की आवाज के तौर पर पेश किया गया है, वहीं कुछ पोस्टरों के जरिए झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर उन पर सवाल भी उठाए गए हैं। इसके अलावा शहीद ठाकुर रोशन सिंह के सम्मान और एसआरएन अस्पताल का नाम बदलने की मांग से जुड़े पोस्टर भी शहर में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज के केपी मैदान में छात्रों के साथ संवाद करने पहुंचे। उनके कार्यक्रम से पहले कांग्रेस की ओर से लगाए गए पोस्टरों में रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। इनमें 'जॉब दो या इस्तीफा दो' और 'जॉब नहीं मिलेगी तो सिंहासन हिलेगा' जैसे नारे लिखे गए हैं। वहीं कुछ पोस्टरों में 'हम नौकरी चाहते हैं, गोली नहीं' और 'मंत्री जी की भरी कार, देश का युवा बेरोजगार' जैसे नारे भी दिखाई दिए। इन नारों के जरिए कांग्रेस ने युवाओं और रोजगार के मुद्दे को केंद्र में रखने की कोशिश की है।
दूसरी ओर राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए लगाए गए पोस्टरों में झारखंड के छात्र आंदोलन का मुद्दा उठाया गया है। एक पोस्टर पर लिखा गया, 'कब आओगे मेरे राहुल, तुम्हें झारखंड बुलाता है।' इन पोस्टरों में सवाल किया गया है कि राहुल गांधी प्रयागराज आए हैं तो क्या वह झारखंड भी जाएंगे, जहां भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र-छात्राएं विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पोस्टर में दावा किया गया है कि वहां छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं और कुछ छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। हालांकि, इन पोस्टरों के पीछे किस संगठन या व्यक्ति का हाथ है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रयागराज में लगाए गए पोस्टरों में राहुल गांधी और वरुण गांधी को एक साथ दिखाने वाला पोस्टर भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। इसके अलावा काकोरी ट्रेन कार्रवाई के शहीद ठाकुर रोशन सिंह के सम्मान से जुड़े पोस्टर भी शहर के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में एसआरएन अस्पताल का नाम बदलकर अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर करने की मांग की गई है।
दरअसल, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय यानी एसआरएन अस्पताल के नाम परिवर्तन को लेकर पांच अगस्त से आंदोलन चल रहा है। महुआ डाबर संग्रहालय के संस्थापक डॉ. शाह आलम के नेतृत्व में अस्पताल परिसर में यह आंदोलन किया जा रहा है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जिस स्थान पर आज अस्पताल है, वह कभी मलाका जेल था और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान शहीद ठाकुर रोशन सिंह को इसी जेल में फांसी दी गई थी। इसी वजह से अस्पताल का नाम उनके नाम पर करने की मांग उठाई जा रही है।
राहुल गांधी का कार्यक्रम इसी मुद्दे के बीच हो रहा है। संयोग से वह जिस केपी मैदान में छात्रों से संवाद करेंगे, वह एसआरएन अस्पताल से कुछ ही दूरी पर स्थित है। वहीं शहीद ठाकुर रोशन सिंह के प्रपौत्र शरद सिंह भी एसआरएन अस्पताल परिसर पहुंचकर अपने पूर्वज को श्रद्धांजलि देने और धरने को संबोधित करने वाले हैं। ऐसे में राहुल गांधी का कार्यक्रम और अस्पताल के नाम परिवर्तन को लेकर चल रहा आंदोलन एक ही समय में शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अनुसार राहुल गांधी शनिवार दोपहर विशेष विमान से प्रयागराज पहुंचे। एयरपोर्ट पर इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह समेत कांग्रेस के प्रदेश और जिला स्तर के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी अपने पैतृक निवास आनंद भवन और स्वराज भवन पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
इसके बाद राहुल गांधी शाम करीब छह बजे केपी मैदान में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं शहर में लगे अलग-अलग पोस्टरों ने कार्यक्रम से पहले राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।
Next Story