दिल्ली-एनसीआर

पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह शाम 4:00 बजे श्रीकांत त्यागी पर करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

Admin Delhi 1
9 Aug 2022 8:10 AM GMT
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह शाम 4:00 बजे श्रीकांत त्यागी पर करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
x

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी को लेकर गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह मंगलवार की शाम 5:00 बजे पुलिस आयुक्त कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस मामले की पूरी जानकारी आलोक सिंह खुद पत्रकारों के सामने साझा करेंगे। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश पुलिस के कुछ उच्च अधिकारी भी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हो सकते हैं। आपको बता दें कि मंगलवार की सुबह करीब 11:30 बजे उत्तर प्रदेश पुलिस ने श्रीकांत त्यागी उर्फ लंगड़ा त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार किया है। अब पुलिस उसे लेकर वापस नोएडा आ रही है। नोएडा पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के करीब 85 घंटे बाद श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार किया है।

पांच दिनों से तलाश कर रही थी नोएडा पुलिस: आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर पुलिस श्रीकांत त्यागी को पिछले 5 दिनों से तलाश कर रही थी। शुक्रवार की दोपहर श्रीकांत त्यागी ने नोएडा की ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी में एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया था। महिला के साथ मारपीट की थी। मामले में एफआईआर दर्ज की गई। श्रीकांत त्यागी फरार हो गया। तब से लगातार उसके पीछे नोएडा पुलिस गिरफ्तारी के लिए घूम रही थी। अब मिली जानकारी के मुताबिक श्रीकांत त्यागी को मेरठ में अब से थोड़ी देर पहले गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे नोएडा लाया जा रहा है। नोएडा में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस पूरी जानकारी देगी।

मेरठ और सहारनपुर बॉर्डर पर थी चौकसी: सोमवार को श्रीकांत त्यागी की अंतिम लोकेशन उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मिली थी। जिसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी हो गया था। नोएडा पुलिस की भी 4 टीम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और मेरठ के लिए रवाना हुई थी। पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश में नाकाबंदी करने के बाद यूपी पुलिस ने यह कामयाबी हासिल की है। मेरठ और सहारनपुर बॉर्डर पर बीती रात से ही चौकसी थी।

भगोड़ा घोषित करने के बाद नोएडा पुलिस ने रखा था ₹25 हजार का इनाम: नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को भगोड़ा घोषित कर दिया था। जिसके बाद उसके ऊपर नोएडा पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। अब मंगलवार की दोपहर को उत्तर प्रदेश पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार किया है। नोएडा पुलिस अब उसको गौतमबुद्ध नगर जिला न्यायालय में पेश करेगी। श्रीकांत त्यागी के 6 साथी पहले ही जेल जा चुके हैं। पुलिस के अलावा नोएडा जिला प्रशासन और तहसील टीम भी अपना कार्य कर रही है। सोमवार की सुबह श्रीकांत त्यागी के अवैध अतिक्रमण को नोएडा प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्त कर दिया था।

5 अगस्त की दोपहर से शुरू हुआ मामला: बीते शुक्रवार 5 अगस्त 2022 की दोपहर को श्रीकांत त्यागी ने नोएडा के सेक्टर-93बी में स्थित एक महिला के साथ बदतमीजी और मारपीट की थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में श्रीकांत त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वीडियो में दिख रहा था कि श्रीकांत त्यागी बहुत ही गंदी लैंग्वेज में महिला के साथ बदतमीजी कर रहा है। जिसके बाद फेस-2 कोतवाली पुलिस ने श्रीकांत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

श्रीकांत के काफी फोटो भाजपा नेताओं और मंत्रियों के साथ मिले: मुकदमा दर्ज होने के बाद पता चला कि श्रीकांत त्यागी काफी अवैध धंधों में लिप्त है। इतना ही नहीं उसके तमाम फोटो भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं के साथ सोशल मीडिया पर मौजूद है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से लेकर स्वतंत्र देव सिंह और उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ उसके तमाम फोटो है। हालांकि, मामला वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ दिया कि श्रीकांत त्यागी नाम का कोई भी व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी का सदस्य नहीं है। इसको लेकर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी एक वीडियो जारी की थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि श्रीकांत त्यागी नाम को कोई भी व्यक्ति किसान मोर्चा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति में नहीं है।

हाई पावर सिक्योरिटी में रहता था श्रीकांत उर्फ लंगड़ा त्यागी: जब श्रीकांत त्यागी का बैकग्राउंड मालूम किया तो पता चला कि श्रीकांत त्यागी के पास हाई पावर सिक्योरिटी है। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा उसको सुरक्षा भी प्रदान की गई है। इसके अलावा उसकी एक गाड़ी पर उत्तर प्रदेश शासन का स्टीकर भी लगा हुआ मिला। इस मामले में नोएडा पुलिस के अधिकारी ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि श्रीकांत त्यागी की गाड़ी पर जो उत्तर प्रदेश शासन का स्टीकर बरामद हुआ है, वह पूर्ण रूप से अवैध है। अभी तक नोएडा पुलिस ने इस मामले में श्रीकांत त्यागी की तीन गाड़ियों को सीज कर लिया है और नोएडा अथॉरिटी ने श्रीकांत त्यागी के अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया है। नोएडा अथॉरिटी ने यह कार्रवाई सोमवार की सुबह की है।

श्रीकांत त्यागी को गाजियाबाद से मिले थे गनर: भाजपा सरकार बनने के बाद 8 अक्टूबर 2018 को श्रीकांत त्यागी को गाजियाबाद से 3 गनर दिये गये थे। उस समय के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी होम अरविंद कुमार थे और गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्णा थे। यह जानकारी गाजियाबाद के मौजूदा एसएसपी मुनिराज जी ने रविवार को मीडिया को दी थी। एसएसपी ने जानकारी देते हुए यह भी बताया था कि गाजियाबाद पुलिस ने फिलहाल उसकी सुरक्षा हटा ली है।

साभार: Mayank Tawer

Next Story