दिल्ली-एनसीआर

पुलिस ने सीसीएस यूनिवर्सिटी में श्रीकांत त्यागी को संरक्षण देने वाले 5 लोगों को किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
10 Aug 2022 6:26 AM GMT
पुलिस ने सीसीएस यूनिवर्सिटी में श्रीकांत त्यागी को संरक्षण देने वाले 5 लोगों को किया गिरफ्तार
x

एनसीआर नॉएडा/मेरठ न्यूज़: श्रीकांत त्यागी ने शुक्रवार की दोपहर के बाद से मंगलवार की सुबह 11:30 बजे तक इन 88 घंटों के भीतर 15 गाड़ियां बदली थीं। उसके बावजूद श्रीकांत पुलिस से बच नहीं पाया। यह भी पता चला है कि श्रीकांत त्यागी मेरठ की सीसीएस यूनिवर्सिटी में रुका था। मेरठ पुलिस ने सीसीएस यूनिवर्सिटी में श्रीकांत को संरक्षण देने वाले 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

मेरठ के इन भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किया: श्रीकांत त्यागी सीसीएस यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में छात्र नेता नकुल त्यागी के रूम पर रुका हुआ था। इस मामले में मेरठ पुलिस ने नोएडा पुलिस के साथ मिलकर श्रीकांत को पनाह देने वाले भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नेता नकुल त्यागी, रविंद्र तोमर, राहुल, सुनील और राजन को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस उन लोगों की भी तलाश कर रही है, जिन्होंने मेरठ यूनिवर्सिटी में छुपाने के लिए श्रीकांत की मदद की थी।

"अपराध गंभीर और अभियुक्त के फरार होने की आशंका": बीते शुक्रवार को ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी में श्रीकांत ने एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया था। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई। वह शहर छोड़कर भाग गया। पांच दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे मंगलवार की सुबह गिरफ्तार किया है। इतना ही नहीं श्रीकांत की गिरफ्तारी पर ₹25000 का इनाम घोषित करना पड़ा है। यह सारी जानकारी पुलिस और अभियोजन ने अदालत को दी है।

पुलिस ने श्रीकांत का आपराधिक इतिहास कोर्ट को बताया: अभियोजन ने अदालत को बताया कि श्रीकांत और उसके साथियों का अपराध गंभीर प्रवृत्ति का है। इसके अलावा यह सारे लोग कानून का पालन करने वाले नहीं है। इनकी प्रवृत्ति कानून तोड़ने की है। श्रीकांत ने पूरे मामले के दौरान कानून का पालन नहीं किया और पुलिस को सहयोग नहीं किया है। लिहाजा, ऐसे अभियुक्त को जमानत देना उचित नहीं रहेगा। पुलिस ने श्रीकांत का आपराधिक इतिहास भी अदालत को बताया है।

Next Story