दिल्ली-एनसीआर

पुलिस ने हत्या के मामले में फरार 15 हजार के ईनामी अपराधी को किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
19 July 2022 2:29 PM GMT
पुलिस ने हत्या के मामले में फरार 15 हजार के ईनामी अपराधी को किया गिरफ्तार
x

क्राइम न्यूज़ अपडेट: हत्या के आरोप में बंद मुजफ्फरनगर की जेल से धोखाधड़ी कर फरार हुए कंकरखेड़ा मेरठ निवासी अजय उर्फ अजीत के बेटे को निवाड़ी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पर पिता द्वारा की गई अज्ञात व्यक्ति की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। फरारी के चलते पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया था। पुलिस का कहना है कि अजय उर्फ अजीत ने खुद को मृत साबित करने के लिए जेल से फरार होने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर दी थी।

एसओ निवाड़ी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने अजय उर्फ अजीत के बेटे रविकांत निवासी कंकरखेड़ा मेरठ को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका भाई सूर्यकांत अभी फरार है। रविकांत की मां को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसओ मनोज कुमार ने बताया कि अजय उर्फ अजीत हत्या के आरोप में मुजफ्फरनगर जेल में बंद था। 21 जून 2021 को अजय धोखाधड़ी कर जेल से फरार हो गया था। फरारी के दौरान अजय ने खुद को मृत साबित करने के लिए एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या करने की योजना बनाई। इस साजिश में उसकी पत्नी व दोनों बेटे भी शामिल थे।

एसओ का कहना है कि अजय ने 12 अगस्त 2021 को निवाड़ी थानाक्षेत्र में अपनी कद.काठी से मिलते जुलते एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा जला दिया और मृतक को अपने कपड़े पहना दिए थे। पूर्व नियोजित योजना के अनुसार अजय की पत्नी और बेटों ने मृतक की पहचान अपने पति व पिता अजय उर्फ अजीत के रूप में कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन डीएनए रिपोर्ट से आरोपियों की पोल खुल गई। जिसके बाद पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल अजय की पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन घटना के बाद से ही उसके दोनों बेटे फरार चल रहे थे। फरारी के कारण ही रविकांत की गिरफ्तारी पर एसएसपी द्वारा 15 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया था। पुलिस की मानें तो अभी अजय उर्फ अजीत और उसका बेटा सूर्यकांत फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।

Next Story