दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली और नोएडा के लोगो को डीएनडी फ्लाईवे में मिलगी जाम से मुक्ति

Admin Delhi 1
30 Jan 2022 8:17 AM GMT
दिल्ली और नोएडा के लोगो को डीएनडी फ्लाईवे में मिलगी जाम से मुक्ति
x

आश्रम फ्लाईओवर को डीएनडी फ्लाईवे तक विस्तार देने की जिस परियोजना का शिलान्यास 24 दिसम्बर 2019 में किया गया था, अब उस पर तेजी से काम हो रहा है। ट्रैफिक पुलिस से मंजूरी मिलने में देरी के चलते लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) पिछले साल सितम्बर में इस परियोजना पर काम शुरू कर पाया। इसके बावजूद आश्रम फ्लाईओवर को डीएनडी फ्लाईवे तक विस्तार देने का काम 60 प्रतिशत पूरा हो गया है। पीडब्ल्यूडी के फ्लाईओवर जोन के प्रमुख पी.के. परमार ने बताया कि इस परियोजना का काम अगले 6 महीने में पूरा हो जाएगा। उनका कहना है कि जिस तेजी से काम हो रहा है, उससे परियोजना तय समय सीमा से 2 महीने पहले यानी जुलाई में पूरी हो जाएगी। इस पर करीब 128.25 करोड़ रुपए खर्च होंगे।


इस परियोजना के पूरा होने से नोएडा और गाजियाबाद के साथ दिल्ली के अन्य हिस्सों से दक्षिणी दिल्ली के लिए आने-जाने वाले लाखों लोगों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी। योजना के तहत रिंग रोड पर आश्रम फ्लाईओवर को डीएनडी फ्लाई वे तक विस्तार दिया जा रहा है। छह लेन के इस फ्लाईओवर में तीन लेन आश्रम से डीएनडी जाने के लिए होगी और तीन लेन डीएनडी से आश्रम आने के लिए बनाई जा रही है। इसके अलावा आश्रम फ्लाईओवर से सराय काले खां जाने के लिए तीन लेन का डाउन रैंप और आईटीओ व सराय काले खां से दक्षिणी दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए तीन लेन का अप रैंप डीएनडी लूप से इस फ्लाईओवर के लिए बनाया जा रहा है। नोएडा व गाजियाबाद से एम्स,सफदर जंग,एस्कार्ट व अपोलो अस्पताल आने-जाने वाले यात्रियों को अभी जाम में जूझना पड़ता है। इस योजना के बाद लोग बगैर जाम में फंसे आ-जा सकेंगे। आईटीओ व सराय काले खां से साऊथ दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को भी जाम में नहीं जूझना होगा। इससे लोगों के समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

डीएनडी लूप से आश्रम चौराहे तक रिंग रोड पर लगता है लंबा जाम

अभी नोएडा व गाजियाबाद से साऊथ दिल्ली आने-जाने वाले वाहनों को डीएनडी लूप से आश्रम चौराहे तक जाने के लिए जाम से जूझना पड़ता है। साथ ही,आईटीओ व सराय काले खां से साऊथ दिल्ली जाने वालों को जाम से दो-चार होना पड़ता है। लोगों को कई बार दफ्तर आने-जाने में देर हो जाती है। कई बार लोगों को इस चौराहे तक जाने में आधे घंटे का समय लग जाता है। अब आश्रम विस्तार फ्लाईओवर योजना से लाखों लोगों को फायदा होगा. आश्रम विस्तार फ्लाईओवर के निर्माण के बाद किलोकरी से सड़क पार करने के लिए चार किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अब किलोकरी से रिंग रोड पर केवल डेढ़ सौ मीटर चलने के बाद यू टर्न लेकर वाहन चालक सड़क पार कर सकेंगे। साथ ही, वह महारानी बाग या साऊथ दिल्ली की ओर जा सकेंगे। इसी तरह महारानी बाग से सराय काले खां,नोएडा,आईटीओ और गाजियाबाद जाने के लिए एक किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना होगा। अब रिंग रोड पर डेढ़ सौ मीटर चलकर यू टर्न लेकर गंतव्य की ओर वाहन चालक जा सकेंगे।

पैदल यात्रियों को जान जोखिम में डालना नहीं पड़ेगा

अभी रिंग रोड पर सड़क पार करने के लिए महारानी बाग रेड लाइट का पैदल यात्री सहारा लेते हैं। इस योजना के बाद रेड लाइट को खत्म कर दिया जाएगा। साथ ही, वहां पैदल यात्रियों के लिए सब वे का निर्माण होगा। जिसके सहारे पैदल यात्री बगैर रूके सुरक्षित रूप से आ-जा सकेंगे।

Next Story