दिल्ली-एनसीआर

भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों को 30 मई के बाद भीषण लू से मिल सकती है राहत

Sanjna Verma
28 May 2024 9:49 AM GMT
भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों को 30 मई के बाद भीषण लू से मिल सकती है राहत
x
नई दिल्ली : भीषण गर्मी का सामना कर रहे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर पश्चिम भारत के लोगों को 30 मई के बाद भीषण लू से राहत मिल सकती है। हालांकि, यह राहत अस्थायी होगी और जून के महीने में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।इस बीच, सोमवार को हरियाणा में सिरसा और पंजाब में बठिंडा 48.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहे। नूंह में भी पारा 48 डिग्री तक पहुंचा। प्रचंड गर्मी से हिमाचल प्रदेश की वादियां भी उबल गयी हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने आज ऑनलाइन प्रेस वार्ता में कहा कि उत्तर पश्चिम भारत के हिस्सों में भीषण लू चल रही है और यह अगले तीन दिनों तक जारी रह सकती है, लेकिन 30 मई से इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी, क्योंकि एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से नमी आने के कारण देश के उत्तर पश्चिम और मध्य भागों में गरज के साथ वर्षा होने और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जून में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात के कुछ हिस्सों और उत्तरी मध्य प्रदेश समेत उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य से ज्यादा दिनों तक तेज लू चल सकती है। उत्तर पश्चिम भारत में जून में आमतौर पर तीन दिन लू चलती है, लेकिन इस बार चार से छह दिन भयंकर लू चलने का अनुमान है।मई में राजस्थान और गुजरात में 9 से 12 दिन तक लू चली और तापमान 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिल्ली-एनसीआर, दक्षिणी हरियाणा और पंजाब में पांच से सात दिन लू की स्थिति रही तथा पारा 44-48 डिग्री तक पहुंच गया।
हरियाणा में स्कूल आज से बंद, पहली जुलाई को खुलेंगे
चंडीगढ़ (ट्रिन्यू) : हरियाणा में शिक्षा विभाग ने चार दिन पहले स्कूलों की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। शिक्षा निदेशालय की ओर से सोमवार को जारी निर्देश के अनुसार, राज्य के सभी राजकीय और निजी स्कूलों में 28 मई से 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। अब पहली जुलाई को स्कूल खुलेंगे। हालांकि, जिला उपायुक्तों की ओर से पहले ही जिले के मौसम का आकलन करने के बाद 24 मई तक अवकाश घोषित किया गया था। खासकर सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ सहित कई अन्य जिलों में 31 मई तक अवकाश की घोषणा की गई थी।
हिमाचल के 6 शहरों का पारा 40 के पार
शिमला (हप्र) : हिमाचल प्रदेश की ठंडी वादियां इन दिनों प्रचंड गर्मी से तप रही हैं। ऑरेंज अलर्ट के बीच सोमवार को प्रदेश के 6 शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। ऊना में अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहा। इसके अलावा बिलासपुर 42.7, बरठीं 40.8, हमीरपुर 41.9, धौलाकुआं 41.8 तथा चंबा में पारा 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुंदरनगर में 39.8, कांगड़ा 39.2, शिमला 30.4, नाहन 38.7 तथा मंडी में 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से 28 मई के लिए भी प्रदेश के कई भागों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 29 मई के लिए येलो अलर्ट है। वैसे राज्य के कई भागों में 29 मई से 2 जून तक बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया रविवार को 2014 के बाद शिमला में सबसे अधिक 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। अगले 48 घंटे तक लू का प्रकोप जारी रहेगा।
हरियाणा, पंजाब में मेहरबान रहेगा मानसून; हिमाचल में बरसेगा कम
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को बताया कि केरल में अगले पांच दिनों में मानसून के दस्तक देने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। विभाग ने मानसून के दौरान देश में सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। लेकिन कहा कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने के आसार हैं। आईएमडी प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि जून से सितंबर के बीच दक्षिण पश्चिम मानसून के तहत पूरे देश में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य बारिश होने के आसार हैं।
Next Story