दिल्ली-एनसीआर

महिलाओं में 'अग्निपथ' पर चलने का जुनून, नौसेना में आए 82 हजार आवेदन

Bhumika Sahu
4 Aug 2022 5:49 AM GMT
महिलाओं में अग्निपथ पर चलने का जुनून, नौसेना में आए 82 हजार आवेदन
x
नौसेना में आए 82 हजार आवेदन

नई दिल्ली: भारतीय नौसेना (Indian Navy) ने अग्निपथ भर्ती योजना के तहत महिला नाविकों की भर्ती का ऐलान किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सीनियर सेकेंडरी रिक्रूट (SSR) और मैट्रिक रिक्रूट (MR) के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हुई थी। इस दौरान भारतीय नौसेना को 80,000 से ज्यादा महिला उम्मीदवारों के आवेदन प्राप्त हुए हैं।

भारतीय नौसेना के आधिकारिक हैंडल से ट्वीट कर इसकी जानकारी दी गई है। ट्वीट में कहा गया है कि, 'भारतीय नौसेना के SSR (सीनियर सेकेंडरी रिक्रूट) और MR (मैट्रिक रिक्रूट) के अग्निपथ योजना के तहत पंजीकरण की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। 82,000 महिला उम्मीदवारों समेत कुल 9.55 लाख अग्निवीर आवेदकों ने पंजीकरण कराया है।' बता दें कि वैसे तो तीनों सेनाओं (थल सेना, वायु सेना और नौसेना) में महिला अधिकारी हैं, मगर, यह पहली दफा होगा जब अधिकारी रैंक से नीचे के कार्मिक (PBOR) के पद महिलाओं के लिए खुले होंगे।
कार्मिक प्रमुख वाइस एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने रविवार को रक्षा मंत्रालय में एक प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि, 'हम अभी भी अग्निपथ योजना के जरिए भर्ती होने वाली महिला नाविकों की सही तादाद तैयार कर रहे हैं।' अग्निवीर का पहला बैच इस साल नवंबर में आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि, 'इंडियन नेवी के पास वर्तमान में विभिन्न भारतीय नौसेना के जहाजों पर नौकायन करने वाली 30 महिला अधिकारी हैं। हमने फैसला लिया है कि अग्निपथ योजना के तहत हम महिलाओं की भी भर्ती करेंगे। उन्हें युद्धपोतों पर भी तैनात किया जाएगा।' साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, 'इस साल 21 नवंबर से पहला नौसैनिक 'अग्निवर' प्रशिक्षण प्रतिष्ठान INS चिल्का, ओडिशा में पहुंचना शुरू कर देगा। इसमें महिला और पुरुष दोनों अग्निवीर, ओडिशा पहुंच सकते हैं।'


Next Story