- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली में रूफटॉप सोलर...
दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली में रूफटॉप सोलर के लिए 1 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन
Kiran
5 Nov 2026 10:27 AM IST

x
दिल्ली में 1 लाख से अधिक लोगों ने सौर ऊर्जा अपनाने के लिए पंजीकरण कराया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार छतों पर सोलर पैनल लगाने को बढ़ावा दे रही है, ताकि बिजली के पारंपरिक स्रोतों पर निर्भरता कम की जा सके। भारत मंडपम में आयोजित 'भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो' के सोलर प्लेनरी सेशन को संबोधित करते हुए, गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र की "पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना" के तहत लोगों को अपने घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में 3 kW तक के सोलर सिस्टम मुफ्त में लगाए जा रहे हैं, जबकि इससे अधिक क्षमता वाले सिस्टम के लिए 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजधानी की हर छत को स्वच्छ ऊर्जा का स्रोत बनाना है, जिससे लोगों के बिजली बिल कम हो सकें। उन्होंने कहा कि पंजीकरण कराने वालों की बढ़ती संख्या यह दिखाती है कि सौर ऊर्जा को लेकर लोगों में जागरूकता और भरोसा बढ़ रहा है। इस सत्र में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी भी मौजूद थे। गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और पर्यावरण की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Next Story





