- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- प्रधानमंत्री के...
दिल्ली-एनसीआर
प्रधानमंत्री के निर्देश पर भारत खाड़ी देशों के साथ अपने संपर्क लगातार बढ़ा रहा
SHIDDHANT
27 April 2026 8:53 PM IST

x
Delhi दिल्ली। भारत सरकार खाड़ी देशों संग अपने रिश्तों को लेकर गंभीर है और इन्हें बेहतर करने की जुगत में लगी है। विदेश मंत्रालय ने उन प्रयासों की जानकारी दी जिनके जरिए संबंधों को सहज करने की प्रक्रिया जारी है।
सोमवार को, पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर भारत ने खाड़ी देशों के साथ अपने संपर्क और सहयोग को लगातार बढ़ाया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने 25 और 26 अप्रैल को संयुक्त अरब अमीरात की आधिकारिक यात्रा की। उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति से मुलाकात की, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री का संदेश और शुभकामनाएं पहुंचाईं।"
उन्होंने आगे कहा कि दोनों पक्षों ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय स्थिति और आपसी हित के अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। यह एक महीने के भीतर भारत से यूएई की दूसरी उच्च-स्तरीय यात्रा है। इससे पहले, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 11 और 12 अप्रैल को यूएई का दौरा किया था। उन्होंने अपने समकक्ष से मुलाकात की और यूएई के राष्ट्रपति से भी भेंट की, जहां उन्होंने संघर्ष के दौरान भारतीय समुदाय के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया था।
इस बीच, भारत सरकार ने 25 अप्रैल को ईरानी कोस्ट गार्ड की ओर से टोगो के झंडे वाले जहाज पर फायरिंग की जानकारी दी है। इस जहाज में कुछ भारतीय क्रू सदस्य मौजूद थे। सरकार के अनुसार चेतावनी के तौर पर ये गोलीबारी की गई थी।
पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक मनदीप सिंह रंधावा ने इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, ओमान के शिनास आउटर पोर्ट के पास से कई जहाज गुजर रहे थे, इनमें से एक टोगो के झंडे वाला केमिकल टैंकर एमटी सिरोन भी था। इन जहाजों को रोकने की कोशिश की गई और चेतावनी के तौर पर कुछ गोलियां चलाई गईं।
मंत्रालय के मुताबिक सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। किसी भी भारतीय झंडे वाले जहाज को इस घटना से कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े पक्षों के लगातार संपर्क में है। पिछले चौबीस घंटे में ऐसी कोई भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
सरकार ने बताया कि हालात पर नजर रखी जा रही है और फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है।
Tagsभारत-खाड़ी संबंधयूएई दौराMEA बयानईरान फायरिंगभारतीय नाविकनरेंद्र मोदीजयशंकरविदेश नीतिजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





