दिल्ली-एनसीआर

आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत कल से

Admin Delhi 1
21 July 2022 6:06 AM GMT
आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत कल से
x

दिल्ली न्यूज़: 15 अगस्त को भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ और आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर पूरी दिल्ली राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से सराबोर रहेगी। हर घर तिरंगा अभियान की शुरूआत 22 जुलाई से हो रही है। राजधानी की प्रमुख सडक़ों, बाजारों, फ्लाईओवरों, गोल चक्कर, स्कूलों व अस्पतालों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। कर्मचारी अपने कंधे व सीने पर तिरंगा लगाएंगे। प्रयास यह है कि उत्सव मनाते हुए दिल्लीवासियों में राष्ट्रीयता की भावना प्रबल हो। इसे कामयाब बनाने के लिए शुक्रवार से विशेष प्रचार अभियान की शुरूआत की जा रही है। साथ ही, 11 अगस्त से 14 अगस्त तक स्कूली छात्रों द्वारा प्रभात फेरियां भी निकाली जाएंगी।

केंद्रीय गृहमंत्री की अध्यक्षता में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए गत रविवार को राज्यपालों, उपराज्यपालों, मुख्य मंत्रियों व केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासकों के साथ बैठक हुई थी। इसके बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इस कार्यक्रम को स्मरणीय बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद और दिल्ली नगर निगम को प्रमुख सडक़ों और बाजारों की पहचान जल्द करने को कहा गया है, जिससे 13 अगस्त से 15 अगस्त तक इन्हें तिरंगामय किया जा सके। दिल्ली विकास प्राधिकरण भी अपने अधिकार क्षेत्र के बाजारों में इसी तरह का अभियान चलाएगा। इस दौरान नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के क्षेत्र में आने वाले फ्लाईओवरों को राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से रोशन किया जाएगा। साथ ही, नगर निगम के स्कूलों व अस्पतालों को सजाकर उनके परिसर में 13 अगस्त से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाएंगे। शहरी नगर निकायों के सभी पद व रैंक के कर्मचारी आजादी की 75वीं स्वतत्रता दिवस तक अपने कंधे व सीने पर तिरंगा लगाएंगे। इन्हें छोटे तिरंगों को खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। शहरी नगर निकाय अपने क्षेत्र के प्रमुख गोल चक्करों की पहचान कर फ्लोरल बोर्डस, झंडे व रोशनी के माध्यम से तिरंगे का प्रदर्शन करेंगे। उपराज्यपाल ने दिल्ली नगर निगम, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद, दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली पुलिस व दिल्ली सरकार के सभी विभागों को हर घर तिरंगा अभियान में जनभागीदारी की पहल सुनिश्चित करते हुए इसे लोकप्रिय बनाने के लिए ठोस प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सभी सरकारी विभागों व उपक्रमों को अपनी वेबसाइट के होम पेज पर 22 जुलाई से तिरंगा प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागों को कार्य योजना 22 जुलाई तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

Next Story