दिल्ली-एनसीआर

ओम बिरला ने मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा: योग भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक

Admin Delhi 1
7 April 2022 4:51 PM GMT
ओम बिरला ने मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा: योग भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक
x

दिल्ली न्यूज़: योग भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सभी को बधाई देने के साथ ही योग को पूरी दुनिया में ले जाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद देता हूं। उक्त बातें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लालकिला पर आयोजित योग उत्सव के दौरान सभा को संबोधित करते हुए कही। बता दें कि आयुष मंत्रालय विश्व स्वास्थ्य दिवस पर योग उत्सव का आयोजन करता है क्योंकि यह 75 दिनों के बाद आयोजित होने वाले अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस 2022 के लिए तैयारी की शुरूआत का प्रतीक है। इस दौरान कई केंद्रीय मंत्री, विदेशी गणमान्य व्यक्तियों, योग गुरूओं, वरिष्ठ अधिकारियों व स्वयंसेवकों ने लालकिला पर सामान्य योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के तौर पर अभ्यास किया। मालूम हो कि हर साल 21 जून को पूरी दुनिया में अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।

योग एक ऐसा अभ्यास जो शरीर और मन के बीच सामंजस्य स्थापित करता है : सर्बानंद सोनोवाल

लालकिले के 15 अगस्त मैदान में योग दिवस पर केंद्रीय आयुष, पोत, नौवाहन और जलमार्ग सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि योग एक ऐसा अभ्यास है जो शरीर और मन के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। यह हमें शारीरिक शक्ति देता है और आधुनिक जीवन की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने के लिए मानसिक संतुलन और भावनात्मक स्थिरता प्रदान करता है। हम 75 दिनों के बाद आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की शुरूआत के तौर पर इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। मंत्रालय ने प्रमुख भारत ब्रांडिंग के साथ 75 विरासत स्थलों पर योग अभ्यास के आयोजन की योजना बनाई है और सूर्य की गति के साथ दुनियाभर में अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों को प्रसारित करने की भी योजना बनाई है ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वन सन-वन अर्थ अभियान से जुडें़। इस दौरान केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय आयुष, पोत, नौवाहन और जलमार्ग सर्बानंद सोनोवाल, श्रम एवं रोजगार, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, विदेश तथा संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी केंद्रीय शिक्षा एवं विदेश राज्यमंत्री राजकुमार रंजन सिंह, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री रामेश्वर तेली और पोत, नौवहन एवं जलमार्ग राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर उपस्थित थे। इसके अलावा कई गणमान्य व्यक्तियों सहित स्वीडन, हंगरी, वियतनाम, मेडागास्कर, त्रिनिदाद और टोबैगो, वेनेजुएला, टोगो, पेरू, किर्गिस्तान और जिम्बाब्वे सहित कई देशों के दूतावासों और उच्चायोगों के अधिकारियों ने योग उत्सव में भाग लिया।


सीवाईपी को दी गई अहमियत: लालकिला पर आयोजित योग के मेगा शो में कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) को बहुत अहमियत दी गई। सीवाईपी को विशेषज्ञों से इनपुट के रूप में डिजाइन किया गया है, क्योंकि इसमें योग के सभी लाभों को प्राप्त करने के लिए दिन-प्रतिदिन योग अभ्यास शामिल है। प्रोटोकॉल का उद्देश्य योग निद्रा, प्राणायाम, ध्यान आदि जैसे योग अभ्यासों को लोकप्रिय बनाना है। मालूम हो कि भारत सरकार द्वारा योग पोर्टल लोगों को हर दिन योग को अपनाने, अभ्यास करने और आनंद लेने में मदद करने के लिए एक मंच है।

योग गुरूओं ने भी किया संबोधित: इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती और महाबोधि अंतर्राष्ट्रीय ध्यान केंद्र, लेह-लद्दाख के संस्थापक भिक्खु संघसेना जैसे योग गुरुओं ने भी कार्यक्रम के दौरान अपने विचार साझा किए। इस दौरान मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के निदेशक डॉ. ईश्वर वी. बसवरद्दी के नेतृत्व में मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के विशेषज्ञों द्वारा योग के सामान्य तौर-तरीकों का एक लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसमें 3000 से अधिक योग साधकों ने लाल किले पर योग के सामान्य तौर-तरीकों का प्रदर्शन किया।



Next Story