- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- पुरानी दिल्ली की...
दिल्ली-एनसीआर
पुरानी दिल्ली की विरासत को लौटाया जाएगा, बनेगी समग्र योजना: सीएम रेखा गुप्ता
SHIDDHANT
19 Nov 2025 7:50 PM IST

x
Delhi दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को पुरानी दिल्ली के विकास के लिए उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पुरानी दिल्ली के सौंदर्यीकरण और सुनियोजित विकास को लेकर संकल्पित है। दिल्ली सरकार वॉल्ड सिटी की विरासत को लौटाने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इसके लिए जल्द ही शाहजहांनाबाद पुनर्विकास निगम (एसआरडीसी) का पुनर्गठन किया जाएगा, ताकि पुरानी दिल्ली का पुराना गौरव लौटे और यहां के स्थानीय निवासियों व व्यापारियों को समुचित नागरिक सुविधाएं मिलें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुराने शहर का समग्र विकास करने की बड़ी योजनाएं बना रही है।
इस बैठक में चांदनी चौक लोकसभा के सांसद प्रवीण खंडेलवाल और दिल्ली सरकार के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद के अलावा एसआरडीसी, पीडब्ल्यूडी, दिल्ली नगर निगम, और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में इस बात पर सहमति थी कि पुरानी दिल्ली का पुनर्विकास और पुनर्निर्माण किया जाना जरूरी है। वर्तमान में पिछली सरकार की लापरवाही के कारण इस क्षेत्र का बुरा हाल है। विशेषकर ऐतिहासिक बाजार चांदनी चौक में समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
बैठक में सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि शाहजहांनाबाद पुनर्विकास निगम पूरी तरह से निष्क्रिय है, क्योंकि पूर्व सरकार ने इसके माध्यम से पुरानी दिल्ली का विकास करने में रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि एसआरडीसी का पुनर्गठन किया जाए और इसमें सरकारी अधिकारियों के अलावा विरासत और इतिहास से जुड़े विशेषज्ञों को भी शामिल किया जाए। सांसद खंडेलवाल ने एसआरडीसी का नाम बदलने का आग्रह किया है।
शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि पुरानी दिल्ली के पुनर्विकास के लिए विरासत के संरक्षण से जुड़ी कंपनियों को भी शामिल किया जाए ताकि इस क्षेत्र का पुराना चरित्र वापस लौटाया जाए। उनका यह भी कहना था कि पुरानी दिल्ली की हेरिटेज इमारतों में व्यापारिक गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि चांदनी चौक बाजार का पुराना स्वरूप बनाए रखने के लिए निर्माण गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हमारी सरकार पुरानी दिल्ली का गौरव लौटाने के लिए कृतसंकल्प है, इसके लिए योजनाएं बन रही हैं। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक का समुचित विकास इसलिए नहीं हो रहा है, क्योंकि वह तीन सरकारी एजेंसियों के जिम्मे है। इससे विकास कार्यों में लगातार देरी होती रहती है। उन्होंने कहा कि सरकार एसआरडीसी का जल्द पुनर्गठन करेगी और इसके माध्यम से पुरानी दिल्ली में विकास कार्य शुरू करेगी। इस निगम में हैरिटेज को संवारने की योग्यता रखने वाले विशेषज्ञों को भी शामिल किया जाएगा।
सीएम ने यह भी कहा कि सरकार चांदनी चौक बाजार को लेकर भी गंभीर है। यहां लाखों लोग घूमने और खरीदारी के लिए आते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार को संवारने के लिए तेजी से कार्य किए जाएं। मुख्यमंत्री के अनुसार उन्हें बताया गया है कि बाजार में महिलाओं के लिए शौचालय की कमी है। उन्होंने संबंधित विभाग को आदेश दिए कि वे बाजार में तुरंत पिंक टॉयलेट का भी निर्माण करें।
Tagsपुरानी दिल्ली विकासचांदनी चौक पुनर्विकासशाहजहांनाबाद पुनर्विकास निगमरेखा गुप्तादिल्ली सरकारविरासत संरक्षणपिंक टॉयलेटशहरी विकासजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





