दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली नगर निगम में एक ही पद पर जमे अधिकारियों व अभियंताओं पर गिर सकती है गाज, जानिए पूरी खबर

Admin Delhi 1
29 Jun 2022 5:59 AM GMT
दिल्ली नगर निगम में एक ही पद पर जमे अधिकारियों व अभियंताओं पर गिर सकती है गाज, जानिए पूरी खबर
x

दिल्ली न्यूज़: दिल्ली नगर निगम के बिल्डिंग (भवन) व अभियांत्रिक विभाग सहित कई विभागों में वर्षो से एक ही जगह एक ही पद पर तैनात रहकर मलाई काट रहे अधिकारियों व अभियंताओं पर विभाग बदलने या फिर अन्य प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की गाज गिर सकती है। दरअसल दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना आजकल दिल्ली के विकास के साथ-साथ नगर निकाय तथा अन्य विभागों के कार्यप्रणाली को गंभीरता से लेते हुए विशेष ध्यान दे रहे हैं। हाल ही में उपराज्यपाल के आदेश पर दिल्ली सरकार के चार अधिकारियों को निलंबित किया गया है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार उपराज्यपाल दिल्ली नगर निगम की छवि सुधारने के लिए निगम के कार्यप्रणाली पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं। सोमवार को सीबीआई द्वारा निगम के एक इंजीनियर व एक बेलदार को रिश्वत लेते पकड़े जाने के मामले को भी राजनिवास ने गंभीरता से लिया है।

सूत्रों के मुताबिक उपराज्यपाल की ओर से निगम को भ्रष्टाचारमुक्त करने और निगम की छवि सुधारने के लिए निगम के विशेष अधिकारी अश्विनी कुमार और निगमायुक्त ज्ञानेश भारती को विशेष निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार उपराज्यपाल को निगम के कुछ अधिकारियों ने जानकारी दी है कि निगम का बिल्डिंग विभाग भ्रष्टाचार के लिए सबसे बदनाम विभाग है। यह भी बताया गया कि इस विभाग में कई इंजीनियर ऐसे हैं जो वर्षों से एक स्थान पर एक ही पद पर जमे हुए हैं। भ्रष्टाचार में डूबे होने की वजह से पदोन्नति होने के बाद भी वह पुराना पद नहीं छोड़ रहे हैं। उनकी जड़े इतनी मजबूत हैं कि उच्च अधिकारियों के आदेशों को भी दरकिनार कर देते हैं। अब राजनिवास ने निगम के उपरोक्त विभागों के ऐसे अधिकारी व अभियंताओं की सूची तलब की है ताकि उनके ऊपर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

Next Story