- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- अब टिकट बुकिंग होगी...
अब टिकट बुकिंग होगी आसान और तेज, IRCTC ला रहा नया पोर्टल

New Delhi नई दिल्ली : ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) 15 जुलाई से अपनी टिकट बुकिंग वेबसाइट का नया और आधुनिक वर्जन लॉन्च करने जा रहा है। नई वेबसाइट का उद्देश्य यात्रियों को तेज, आसान और बेहतर टिकट बुकिंग अनुभव देना है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आईआरसीटीसी के नए पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ छात्रों ने मौजूदा आईआरसीटीसी वेबसाइट पर टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली परेशानियों के बारे में सुझाव दिए थे। इसके बाद रेलवे ने पोर्टल को अपग्रेड करने का फैसला किया।
नई वेबसाइट को इस तरह तैयार किया गया है कि यह पहले के मुकाबले कई गुना ज्यादा ट्रैफिक संभाल सकेगी। रेलवे के अनुसार, नया पोर्टल प्रति मिनट 1.5 लाख से ज्यादा टिकट बुकिंग करने में सक्षम होगा। जबकि मौजूदा वेबसाइट की क्षमता करीब 32 हजार टिकट प्रति मिनट की है।
तत्काल टिकट बुकिंग होगी आसान
रेलवे ने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को भी अपग्रेड किया है। नया सिस्टम प्रति मिनट 40 लाख से अधिक पूछताछ को संभाल सकेगा। वर्तमान में यह क्षमता करीब 4 लाख पूछताछ प्रति मिनट की है।
इस अपग्रेड का सबसे बड़ा फायदा तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान मिलेगा। अक्सर तत्काल टिकट खुलते ही वेबसाइट पर ज्यादा लोड आने से यात्रियों को परेशानी होती है। नई व्यवस्था के बाद वेबसाइट की स्पीड बेहतर होने और देरी कम होने की उम्मीद है।
नई वेबसाइट में मिलेंगे कई नए फीचर्स
आईआरसीटीसी के नए पोर्टल में यात्रियों की सुविधा के लिए कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं। अब यात्री टिकट बुक करते समय अपनी पसंदीदा सीट का विकल्प चुन सकेंगे। इसके अलावा फेयर कैलेंडर की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे यात्री अलग-अलग तारीखों का किराया देखकर अपने लिए बेहतर विकल्प चुन पाएंगे।
नई वेबसाइट को कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ज्यादा से ज्यादा यात्री इसका आसानी से इस्तेमाल कर सकें। इसके अलावा दिव्यांगजन, छात्रों और मरीजों के लिए विशेष बुकिंग सुविधाओं को भी एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ा गया है।
सरल होगा वेबसाइट का नया डिजाइन
रेलवे ने नई वेबसाइट के इंटरफेस को पहले की तुलना में ज्यादा साफ और आसान बनाया है। इसमें अनावश्यक पॉप-अप, फ्लैशिंग ग्राफिक्स और बार-बार आने वाले कैप्चा को कम किया गया है।
इससे खासतौर पर तत्काल टिकट बुकिंग के समय यात्रियों को कम परेशानी होगी और टिकट प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सकेगी।
एक स्क्रीन पर दिखेगी सभी सीटों की जानकारी
नई वेबसाइट में सीट उपलब्धता देखने का तरीका भी आसान किया गया है। अभी यात्रियों को स्लीपर, एसी 3 टियर, एसी 2 टियर जैसी अलग-अलग श्रेणियों में सीट उपलब्धता जांचनी पड़ती है।
नई व्यवस्था में सभी श्रेणियों की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे यात्री किराया और सीट उपलब्धता की तुलना आसानी से कर सकेंगे और अपनी जरूरत के अनुसार टिकट बुक कर पाएंगे।
रेलवे का कहना है कि नई आईआरसीटीसी वेबसाइट डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और कदम है। इससे देशभर के करोड़ों रेल यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव मिलने की उम्मीद है।





