दिल्ली-एनसीआर

राजधानी दिल्ली में अब 69 के बजाय करीब 50 ट्रैफिक सर्किल होंगे, ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया

Admin Delhi 1
28 Oct 2022 5:56 AM GMT
राजधानी दिल्ली में अब 69 के बजाय करीब 50 ट्रैफिक सर्किल होंगे, ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया
x

दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था जल्द ही बदलने वाली है। ट्रैफिक के सुचारू संचालन के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सर्किल कम किए जाएंगे। अब 69 के बजाय करीब 50 ट्रैफिक सर्किल होंगे। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने एक कमेटी का गठन किया है। सर्किल कम होने से करीब ट्रैफिक पुलिस के करीब 450 पुलिसकर्मी अतिरिक्त हो जाएंगे। इन पुलिसकर्मियों को दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक को संभालने के लिए लगाया जाएगा। कमेटी ये भी बताएंगी कि कैसे दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारा जाएगा। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी(ट्रैफिक) ने बताया कि दिल्ली पुलिस के पूर्व पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने ट्रैफिक सर्किलों की संख्या 53 से बढ़ाकर एक सब-डिवीजन के हिसाब से 69 कर दी थी। ट्रैफिक पुलिस के जिले 15 कर दिए गए थे और जिले की कमान डीसीपी को दी थी। इससे पहले जिले को सहायक पुलिस आयुक्त(एसीपी) संभालते थे। दो व तीन जिलों से मिलाकर बनाई रेंज को डीसीपी संभालते थे।

एसीपी अब दो व तीन सर्किलों से मिलाकर बनाई सब डिवीजन को संभालते हैं। इससे जहां ट्रैफिक सर्किलों को संतुलन बिगड़ गया था वहीं कार्यालयों में स्टाफ बढ़ गया था। ट्रैफिक को संभालने के लिए सड़कों से ज्यादा कार्यालयों में ट्रैफिक स्टाफ हो गया था। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए कितने सर्किल कम किए जाएं, कितने प्वाइंट बनाए जाएं और ट्रैफिक व्यवस्था को कैसे सुधारा जाए, इसके लिए एक कमेटी बनाई गई है।

इस वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त(हैडक्वाटर) विजय कुमार की देखरेख में बनी कमेटी में आईआईटी, दिल्ली, डीटीयू, सेंट्रल रोड एंड सेफ्टी इंस्टीट्यूट और स्कूल ऑफ आर्केटेक्चर एंड प्लानिंग के सदस्य हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कमेटी की एक-दो बैठक हो चुकी हैं। बैठक में तय किया गया है कि ट्रैफिक सर्किल की संख्या 69 से कम कर करीब 50 की जाए। इससे अतिरिक्त हुए 450 कर्मियों को व्यवस्था में लगाया जाए। जब ये पुलिसकर्मी सड़कों पर उतरेंगे तो ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार आएगा।

Next Story