दिल्ली-एनसीआर

Noida: युवक ने फंदा लगाकर की खुदकुशी, महिला ने 14वीं मंजिल से छलांग लगाई

Admindelhi1
7 July 2025 9:37 PM IST
Noida: युवक ने फंदा लगाकर की खुदकुशी, महिला ने 14वीं मंजिल से छलांग लगाई
x
पुलिस ने दोनों मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

नोएडा: ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में एक 60 वर्षीय महिला और एक 23 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। महिला ने अपनी सोसायटी की 14वीं मंजिल से छलांग लगाई, जबकि युवक ने एक स्टूडियो अपार्टमेंट में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि स्प्रिंग मेडोज सोसायटी में रहने वाली 60 वर्षीय ज्ञानती कुमारी, पत्नी अवधेश प्रसाद, ने अपने फ्लैट की 14वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उनके पति, बेटी और दामाद घर पर मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

दूसरी घटना गौर सिटी-2 के दूधेश्वर एनक्लेव, गली नंबर-3 में स्थित फ्यूचर होम्स फुली फर्निश्ड स्टूडियो अपार्टमेंट में हुई। रविवार देर रात करीब 1 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपार्टमेंट के प्रथम तल पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय रूपेश, पुत्र रघुनाथ, निवासी प्रताप विहार, गाजियाबाद के रूप में हुई। वह ऑनलाइन बुकिंग के जरिए स्टूडियो अपार्टमेंट में रहने आया था। अपार्टमेंट के केयरटेकर ने देर रात कमरे में जाकर देखा तो उसे फंदे से लटका पाया।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस की फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस गहन जांच कर रही है।

Next Story