दिल्ली-एनसीआर

Noida: थार से युवक को कुचलने की कोशिश पर दो अफसर सस्पेंड

Admindelhi1
4 Jun 2025 7:16 PM IST
Noida: थार से युवक को कुचलने की कोशिश पर दो अफसर सस्पेंड
x
"पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की"

नोएडा: थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में मारपीट और युवक को थार गाड़ी से कुचलने की कोशिश के वायरल मामले में पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए इस वीडियो के बाद पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने घटना को गंभीरता से लिया और मामले को उच्चाधिकारियों से छुपाने व आरोपियों पर समय पर कार्रवाई न करने के आरोप में थाना सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक श्यामबाबू शुक्ला और गिझोड़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जगमोहन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

घटना 2 जून 2025 को सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में हुई थी, जिसमें दो पक्षों के बीच झगड़ा और मारपीट की सूचना मिली थी। इस दौरान एक युवक को थार से कुचलने की कोशिश की गई। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

जांच में सामने आया कि थाना प्रभारी श्यामबाबू शुक्ला को घटना की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने इसे उच्च अधिकारियों से छुपाया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कोई सार्थक प्रयास नहीं किया। वहीं चौकी प्रभारी जगमोहन सिंह की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई।

पुलिस कमिश्नर ने इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता मानते हुए दोनों अधिकारियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि लापरवाही या जानकारी छिपाने पर सख्त कार्रवाई तय है।

Next Story