दिल्ली-एनसीआर

Noida: चोरी की दो वारदातें, कार से सामान और घर से जेवर गायब

Admindelhi1
7 July 2025 8:56 PM IST
Noida: चोरी की दो वारदातें, कार से सामान और घर से जेवर गायब
x

नोएडा: थाना सेक्टर-126 और थाना सेक्टर-39 क्षेत्रों में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में, इंडियामार्ट में नौकरी करने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि अज्ञात चोरों ने उसकी कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा लैपटॉप, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वहीं दूसरी घटना में, एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हो गई है।

थाना सेक्टर-126 के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र बालियान ने बताया कि श्रुति अग्रवाल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। श्रुति सेक्टर-135 स्थित इंडियामार्ट में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी कार ऑफिस के पास ही पार्क की थी, जहां अज्ञात चोरों ने कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा लैपटॉप, लगभग 2 हजार रुपए नकद और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तिलक राम नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह छलेरा गांव में रहता है। तिलक राम के अनुसार उनके पड़ोसी कृष्ण कुमार का उनके घर आना-जाना था, लेकिन कुछ दिन पहले कृष्ण कुमार मकान खाली करके चला गया।

जब तिलक राम ने घर की जांच की तो पता चला कि कृष्ण कुमार ने उनके घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर ली हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

पुलिस दोनों मामलों में जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तफ्तीश कर रही है।

Next Story