दिल्ली-एनसीआर

Noida: जन शिकायतों का त्वरित समाधान और अवैध खनन पर कार्रवाई हो प्राथमिकता: डीएम मनीष वर्मा

Admindelhi1
20 Jun 2025 8:04 PM IST
Noida: जन शिकायतों का त्वरित समाधान और अवैध खनन पर कार्रवाई हो प्राथमिकता: डीएम मनीष वर्मा
x
"डीएम मनीष वर्मा का निर्देश"

नॉएडा: जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करोत्तर, एंटी भू-माफिया, आईजीआरएस पोर्टल एवं मासिक स्टाफ की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान उन्होंने जिले की राजस्व वसूली बढ़ाने, अवैध खनन पर कठोर कार्रवाई करने और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में स्टांप एवं निबंधन, वाणिज्य कर, आबकारी, विद्युत, सिंचाई, परिवहन, खनन समेत सभी राजस्व संबंधी विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने वाणिज्य कर विभाग को GST वसूली में बढ़ोत्तरी और प्रवर्तन कार्यों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, साथ ही बड़े बकायेदारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने को कहा।

खनन विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ समन्वित अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए। इस दौरान नोएडा क्षेत्र में अवैध भू-व्यापार में संलिप्त पाए गए संजय सिंह चौहान को भू-माफिया घोषित करने का भी निर्णय लिया गया।

जन शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि “आईजीआरएस जनविश्वास का माध्यम है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण न केवल समयबद्ध हो, बल्कि शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान भी प्राप्त हो।

रेरा और श्रम विभाग से जुड़े लंबित देयों की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाने और शिकायतकर्ता को वसूली की प्रगति की जानकारी नियमित रूप से देने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों को शीघ्रता से निस्तारित करने को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

आय, जाति और निवास प्रमाणपत्रों के समय से निर्गमन पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि इन प्रमाणपत्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।

बैठक में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से योग दिवस में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि सभी योग करते हुए अपनी तस्वीरें शासन के पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि आयोजन को भव्य रूप दिया जा सके।

इस समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विद्यनाथ शुक्ल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय, एसडीएम जेवर अभय सिंह, एसडीएम दादरी अनुज नेहरा, एसडीएम सदर चारुल यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story