दिल्ली-एनसीआर

नोएडा पुलिस ने 796 लोगो को खुलेआम शराब पीने के आरोप में खिलाई हवालात की हवा, जानिए पूरी खबर

Admin Delhi 1
25 Jun 2022 6:46 AM GMT
नोएडा पुलिस ने 796 लोगो को खुलेआम शराब पीने के आरोप में खिलाई हवालात की हवा, जानिए पूरी खबर
x

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: नोएडा में खुलेआम सड़कों, चौराहों और बीच बाजार शराब पीने वालों पर गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने बड़ा एक्शन किया है। शुक्रवार की शाम एक स्पेशल ऑपरेशन के तहत पुलिस ने 796 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी को पुलिस ने हवालात की हवा खिलाई है। चालान काटे गए हैं। जुर्माने लगाए गए हैं। जमानत देकर थानों से छोड़ा गया है। इतना ही नहीं इन सब लोगों के नाम, पता, मोबाइल नंबर और फोटो पुलिस ने अपने रिकॉर्ड में दर्ज किए हैं। इन्हें चेतावनी दी गई है कि अगर भविष्य में इस तरह के असामाजिक व्यवहार की पुनरावृति की गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पिछले एक महीने में 3000 से ज्यादा लोगों को पकड़ा: गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले लोगों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ रखा है। दिन छिपते ही पुलिस सड़कों, चौराहों और बाजारों में सक्रिय हो जाती है। रेहड़ी, पटरी, खोखों के आसपास, पार्क में झाड़ियों के पीछे, सड़क किनारे कारों में बैठकर या सुनसान इलाकों में सार्वजनिक रूप से शराब पीने वाले लोगों की धरपकड़ की जा रही है। पिछले एक महीने के दौरान ऐसे करीब 3000 लोगों को गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन सभी के खिलाफ आईपीसी की धारा 290 के तहत कार्रवाई की गई है। इसी तरह का अभियान शुक्रवार की शाम चलाया गया। नोएडा शहर के तमाम थानों में 796 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के आरोप में पकड़ कर लाया गया। पुलिस ने इन सभी की परेड करवाई। देर रात तक थानों में पुलिसकर्मी इन लोगों से जुड़ी जानकारियां दर्ज करते रहे।

कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी : आलोक सिंह

गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने कहा, "सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। पहली बार ऐसे लोगों को थानों से जमानत दे दी गई है। अगर कोई व्यक्ति दूसरी बार इसी तरह का कृत्य करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जेल भेज दिया जाएगा। लोगों को समझना चाहिए कि शहर की कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए सभी की बराबर जिम्मेदारी है। खुलेआम और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से विवाद होते हैं। मारपीट की घटनाएं होती हैं। ऐसे इलाकों से गुजरने वाली महिलाएं, लड़कियां और परिवार असहज परिस्थितियों का सामना करते हैं। शहर में सभी को समान रूप से आवागमन करने का अधिकार है। खुलेआम शराब पीने वालों की वजह से आम शहरी को असुविधा नहीं होने दी जाएगी।"

Next Story