- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Noida: मोबाइल स्नैचिंग...
Noida: मोबाइल स्नैचिंग गैंग का खुलासा, चार बदमाश गिरफ्तार

नोएडा: सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और बाइक चोरी करने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 13 चोरी/स्नैचिंग के मोबाइल फोन, एक चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल हुई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
पुलिस ने 31 मई 2025 को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दो आरोपियों — अमन शुक्ला (21 वर्ष) और फिरोज अली (20 वर्ष), दोनों निवासी झंडापुर, थाना साहिबाबाद, गाजियाबाद — को कैंडोर चौराहा, सेक्टर-62, नोएडा के पास से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर दो और आरोपी - समोहिल उर्फ अमन (21 वर्ष) और आमिर (22 वर्ष), दोनों निवासी सिढपुरा, थाना सिढपुरा, कासगंज — को नोएडा वन रोड से धर दबोचा गया।
पूछताछ में हुए खुलासे
पुलिस पूछताछ में पता चला कि अमन शुक्ला और फिरोज अली नोएडा के अलग-अलग इलाकों में मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी के ये मोबाइल फोन वे समोहिल उर्फ अमन और आमिर को बेच देते थे। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने थाना बिसरख क्षेत्र से एक बुलेट मोटरसाइकिल (HR26EH7351) चोरी की थी, जिसके संबंध में थाना बिसरख में केस दर्ज है।
किसके खिलाफ कहां दर्ज हैं केस?
चारों आरोपियों पर थाना सेक्टर-58, बिसरख और सेक्टर-63 में कुल छह केस दर्ज हैं, जिनमें बीएनएस की धारा 317(2), 317(5), 3(5), 303(2), 304 जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।
बरामद सामान का ब्यौरा
13 मोबाइल फोन (स्नैचिंग/चोरी के)
चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल (HR26EH7351)
वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP14GL9412)
पुलिस की बड़ी सफलता
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से नोएडा क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों में कमी आने की उम्मीद है। गिरफ्तार अभियुक्तों से और भी वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।





