- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Noida: फर्जी...
Noida: फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्लॉट बेचने आया व्यक्ति गिरफ्तार

नोएडा: ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) में एक व्यक्ति द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किसी और के भूखंड को बेचने की कोशिश का मामला सामने आया है। प्राधिकरण के अधिकारियों की सतर्कता से यह धोखाधड़ी पकड़ी गई और एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्राधिकरण के प्रबंधक राजेश सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि प्लॉट संख्या 138, ब्लॉक-डी, सेक्टर फाई-1 को ट्रांसफर कराने के लिए 16 अप्रैल को आवेदन आया था। 28 मई को तथाकथित आवंटी दो अन्य लोगों के साथ भूखंड का भौतिक सत्यापन कराने प्राधिकरण कार्यालय पहुंचा।
अधिकारियों ने जब दस्तावेजों का मिलान किया, तो उन्हें गड़बड़ी का शक हुआ। पूछताछ शुरू होते ही दो व्यक्ति वहां से भाग निकले। जो शख्स प्रेम प्रकाश सिंह पुत्र उत्तम सिंह बनकर आया था, उसकी पहचान महिपाल सिंह के रूप में हुई। उसने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से प्लॉट को अवैध रूप से किसी अन्य को बेचने की साजिश रची थी।
प्राधिकरण अधिकारियों ने मौके पर ही महिपाल सिंह को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने महिपाल के खिलाफ धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके फरार साथियों की तलाश जारी है।





