दिल्ली-एनसीआर

Noida: मोबाइल शॉप में अंदर का खेल, नौकर ने मिलकर की चोरी, पुलिस ने दबोचा

Admindelhi1
20 Jun 2025 8:08 PM IST
Noida: मोबाइल शॉप में अंदर का खेल, नौकर ने मिलकर की चोरी, पुलिस ने दबोचा
x

नोएडा: थाना सेक्टर-49 पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी के एक मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 18 महंगे मोबाइल फोन विभिन्न कंपनियों के बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये आंकी जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रितिक पुत्र राजेश (18 वर्ष) निवासी सहसवान, बदायूं (हाल निवासी सलारपुर, सेक्टर-39 नोएडा) और अमन पुत्र सुआलाल (19 वर्ष) निवासी डहरपुर, बदायूं (हाल निवासी ग्राम बरौला, सेक्टर-49 नोएडा) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रितिक एक मोबाइल शॉप पर नौकर के रूप में काम करता था। उसने अपने दोस्त अमन के साथ मिलकर मोबाइल चोरी की योजना बनाई। 16 जून को दुकान बंद करते समय रितिक ने अमन को चोरी-छिपे अंदर घुसा दिया और दुकान की चाबी मालिक के किरायेदार को सौंप दी। देर रात 1:30 बजे अमन दुकान के बगल की सीढ़ियों से बालकनी के सहारे नीचे उतरा और 18 मोबाइल फोन से भरा बैग लेकर फरार हो गया।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है। अमन ने बताया कि वह टोस्ट डिस्ट्रीब्यूशन का काम करता है और रितिक का करीबी दोस्त है। रितिक ने उसे दुकान से मोबाइल चोरी करने का प्लान बताया, जिसमें जल्दी पैसे कमाने की लालच में वह शामिल हो गया।

पुलिस ने चोरी किए गए सभी मोबाइल फोन चार्जर, केबल, पिन और वारंटी कार्ड सहित बरामद कर लिए हैं। बरामद मोबाइल फोनों में Motorola Edge, OPPO Reno, OPPO F29, Vivo Y300, Vivo V40e, Vivo V50 और moto g 85 5G जैसे महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं। साथ ही एक हरे रंग का Tommy Hilfiger बैग भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 0199/2025 धारा 306, 317(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना सेक्टर-49 पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में मोबाइल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

Next Story