दिल्ली-एनसीआर

Noida: मयूर विहार फ्लाईओवर से महामाया तक चिल्ला एलिवेटेड रोड को हरी झंडी

Admindelhi1
15 July 2025 12:34 PM IST
Noida: मयूर विहार फ्लाईओवर से महामाया तक चिल्ला एलिवेटेड रोड को हरी झंडी
x

नोएडा: चिल्ला एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए तैयार की गई डिजाइन को भारतीय प्राद्यौगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली से मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही इसका निर्माण कार्य तेज होने का रास्ता साफ हो गया है। अहम है कि करीब चार साल काम रुका रहने के बाद बाद नोएडा प्राधिकरण और सेतु निगम ने इसी वर्ष मार्च में चुनी गई एजेंसी से एलाइनमेंट के मुताबिक जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग्स (जीएडी) के आधार पर निर्माण शुरू कराया था।

एलिवेटेड रोड की पिलर के लिए पाइलिंग (बुनियाद) का काम शुरू कर परियोजना की ड्राइंग आईआईटी की मंजूरी के लिए भेजी गई थी। नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम सिविल विजय रावल ने बताया कि एलिवेटेड रोड की तैयार की गई डिजाइन को आईआईटी की मंजूरी मिल गई है। अब सेतु निगम स्वीकृत ड्राइंग प्राधिकरण में जमा करेगा। जिसके बाद काम शुरू होगा।

चिल्ला एलिवेटेड रोड से मयूर विहार फ्लाईओवर से महामाया फ्लाईओवर तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। मार्च-2024 में जारी हुए टेंडर में निर्माण एजेंसी का चयन सेतु निगम ने किया था। निर्माण लागत को लेकर शासन की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी पर 6 जून 2023 को हुई कैबिनेट ने मंजूरी दी थी। एलिवेटेड रोड का निर्माण 787 करोड़ रुपये की लागत से होगा। इसमें आधी राशि यूपी सरकार देगी जबकि शेष राशि प्राधिकरण देगा। निर्माण के लिए टेंडर सेतु निगम करवाएगा जबकि निगरानी का प्रभार प्राधिकरण के पास रहेगा।

2020 में शुरू हुआ था काम फिर बंद हो गया था

चिल्ला एलिवेटेड रोड परियोजना 2017 के पहले की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जनवरी 2019 को इसका शिलान्यास किया था। जून 2020 से इसका काम शुरू हुआ। तब परियोजना की लागत 650 करोड़ रुपये अनुमानित थी। तब 380 से ज्यादा पाइलिंग हुई थीं। एक पिलर में 12 से 22 तक पाइलिंग होती हैं। पाइलिंग को ऊपर मिलाकर पाइल कैप बनता है जिस पर फिर पिलर खड़े किए जाते हैं। इसके बाद अनुबंध के तहत 50 प्रतिशत राशि शासन से नहीं मिलने के कारण नवंबर 2021 में काम बंद हो गया था। काम शुरू करने के लिए प्राधिकरण की तरफ से करीब 70 करोड़ रुपये धनराशि भी लगा दी गई थी। इसके बाद परियोजना को कैबिनेट से मंजूरी जून-2023 में मिली। फिर दो बार टेंडर कर दूसरे टेंडर में सेतु निगम ने एजेंसी का चयन कर मार्च में काम शुरू करवाया था।

चिल्ला एलिवेटेड रोड की नई डिजाइन जिसको मंजूरी मिली है वह अभी प्राधिकरण में दाखिल होनी बाकी है। हालांकि प्राधिकरण इंजीनियरों को इसकी मुख्य जानकारियां मिल गई हैं। छह लेन की सड़क 269 पिलरों पर बनाई जाएगी। शहदरा ड्रेन के साथ ही इसका निर्माण होगा। वाहनों के चढ़ने और उतरने के लिए 5 रैंप बनाए जाएंगे। मयूर विहार की तरफ से आने पर पहला रैंप सेक्टर-16 रजनीगंधा के सामने उतरेगा। यहीं से दूसरा रैंप चढ़ेगा जिससे वाहन महामाया फ्लाईओवर की तरफ जा सकेंगे। तीसरा रैंप सेक्टर-18 के सामने उतरेगा जिससे मयूर विहार की तरफ से आने वाले वाहन उतर सकेंगे।

छह लेन की सड़क, बनेंगे पांच रैंप

फिर चौथा रैंप महामाया फ्लाईओवर की तरफ से चलने पर पहला रैंप सेक्टर-16 ए के सामने डीएनडी की तरफ उतरेगा। इससे वाहन डीएनडी से या चिल्ला बॉर्डर से दिल्ली की तरफ जा सकेंगे। पांचवां रैंप सेक्टर-16 बी के सामने से बनेगा जिससे चढ़कर वाहन मयूर विहार फ्लाईओवर की तरफ जा सकेंगे। पूरा एलिवेटेड 269 पिलर पर बनाया जाएगा।

Next Story