- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Noida: किसान नेताओं ने...
Noida: किसान नेताओं ने सीईओ से जमीन मुआवजा बढ़ाने की अपील की

नोएडा: जमीन अधिग्रहण से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर सोमवार को किसान एकता महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना के नेतृत्व यमुना प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह से मिला। इस दौरान किसान नेताओं ने सीईओ को फूलों का गुलदस्ता व अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया।
यमुना प्राधिकरण में सीईओ से मुलाकात के दौरान किसान नेताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। किसानों ने सीईओ से कहा कि जमीनों का अधिग्रहण होने के बाद से अभी तक उचित मुआवजा नहीं मिला है। स्थानीय कल-कारखानों में क्षेत्र के युवाओं को नौकरी नही दी जा रही है। कई गांवों में विकास कार्य की अभी जरूरत है। जमीन अधिग्रहण के बदले किसानों को मिलने वाले विकसित भूमि का मामला भी अधर में लटका हुआ है। इस दौरान किसानों ने कई अन्य समस्याओं की भी जानकारी सीईओ को दी।
किसान एकता महासंघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा बताई गई उक्त सभी समस्याओं को सुनने के बाद सीईओ ने क्षेत्र की सभी समस्याओं का जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर किसानों ने ओएसडी शैलेंद्र सिंह को भी अंग वस्त्र भेंटकर स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडल में रमेश कसाना, देवेंद्र प्रधान, संजय कसाना, मास्टर इंद्रपाल, राजवीर ठेकेदार, विदेश नागर, अरविंद सेक्रेटरी, अमित नागर, डॉ जाफर खान, गिर्राज कसाना, हरेंद्र कसाना, राकेश नागर, नीरज कसाना, रज्जाक ठेकेदार, करतार कसाना, संदीप कसाना, सोनू कसाना सहित अन्य किसान नेता शामिल रहें।





