दिल्ली-एनसीआर

एनएचएआई ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के 3 कट को बताया अवैध, दिया बंद करने का निर्देष

Admin Delhi 1
4 July 2022 5:35 PM IST
एनएचएआई ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के 3 कट को बताया अवैध, दिया बंद करने का निर्देष
x

दिल्ली एनसीआर न्यूज़: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। एनएचएआई का कहना है कि आगामी 11 जुलाई के बाद एक्सप्रेसवे पर 3 कट को बंद कर दिया जाएगा। इन तीनों कट को एनएचएआई ने अवैध बताया है। इन अवैध कट के बंद हो जाने के बाद गाजियाबाद के मुख्य पॉइंट लाल कुआं पर जाम नहीं लगेगा। लाल कुआं के अलावा चिपयाना बुजुर्ग में भी जाम की स्थिति बंद हो जाएगी। जिसके बाद यहां पर 24 घंटे यातायात सामान्य रहेगा और वाहन फर्राटे भरेंगे।

वाहन चालकों को होगी आसानी: एनएचएआई के अधिकारी ने बताया कि यूपी गेट से लेकर डासना तक इस समय काफी अवैध कट बने हुए हैं। इन सभी अवैध कट को बंद किया जाएगा। जिसके बाद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 पर चलने वाले वाहनों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। फिलहाल एनएचएआई ने दोनों पॉइंट पर और ट्रैफिक पुलिस ने स्थान पर कट बनाया हुआ है। जिसकी वजह से जाम की स्थिति पैदा होती है। अब इसको बंद कर दिया जाएगा।

दोनों ओर होगी 6-6 लेन: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि 11 जुलाई से इस एक्सप्रेसवे पर 6 लेन अप और 6 लेन डाउन पूरी तरीके से खोल दी जाएगी। अभी तक डासना से दिल्ली जाने वाले अब ट्रैफिक के लिए ही 6 लेन ओपन है, लेकिन दिल्ली से डासना जाने वाले मार्ग पर केवल चार लेन की सुविधा है। आगामी 11 जुलाई के बाद इसमें 2 लेन और खोल दी जाएगी। इसके बाद दोनों तरफ 6-6 तैयार हो जाएंगे।

महत्वपूर्ण बात: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर यातायात करने वालों के लिए एक और जरूरी बात है। दोपहिया और तीन पहिया वाहनों को एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधित किया गया है, लेकिन उसके बावजूद भी अगर एक्सप्रेसवे पर ऐसे वाहन दौड़ते हैं तो उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी। इन वाहनों का चालान काटा जाएगा। मंडलायुक्त मेरठ सुरेंद्र सिंह ने निर्देश दिए हैं कि अगर तीन बार किसी वाहन का चालान कटता है तो वाहन मालिक के ड्राइविंग लाइसेंस को तत्काल निरस्त किया जाए।

Next Story