दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: विशेष बाइक रैली को उपराष्ट्रपति ने दिखाई हरी झंडी, सांसदों में उत्साह

Admindelhi1
12 Aug 2026 1:55 PM IST
New Delhi: विशेष बाइक रैली को उपराष्ट्रपति ने दिखाई हरी झंडी, सांसदों में उत्साह
x
सांसदों की विशेष बाइक रैली का आयोजन, उपराष्ट्रपति ने किया शुभारंभ

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे 'हर घर तिरंगा 2026' अभियान के तहत उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को सांसदों के साथ विशेष बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित यह रैली राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली गई।

रैली में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, राजीव रंजन सिंह, गजेंद्र सिंह शेखावत, वीरेंद्र कुमार, जी. किशन रेड्डी और जितेंद्र सिंह सहित कई सांसद और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।

इस अवसर पर देशवासियों से 'हर घर तिरंगा' अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता का संदेश देने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि 'वंदे मातरम्' भारत की आजादी की लड़ाई में लोगों के भीतर देशभक्ति की भावना जगाने वाली सबसे बड़ी प्रेरणा बना। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम ने भाषा, क्षेत्र और धर्म से ऊपर उठकर पूरे देश को एक सूत्र में बांधा और 'वंदे मातरम्' इस राष्ट्रीय चेतना का सबसे सशक्त प्रतीक रहा।उन्होंने हाल ही में अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के श्री विजयपुरम स्थित फ्लैग प्वाइंट पर तिरंगा फहराकर 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह वही ऐतिहासिक स्थान है जहां सुभाष चंद्र बोस ने 30 दिसंबर 1943 को तिरंगा फहराकर अंडमान-निकोबार को ब्रिटिश शासन से मुक्त घोषित किया था।

रैली में शामिल सांसदों और युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के संकल्प, आकांक्षाओं और सपनों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करने के साथ-साथ देश की नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का भी उत्सव है।

Next Story