- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- New Delhi:...
New Delhi: प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास के नए आयाम स्थापित किए : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के विभिन्न स्थानों पर आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में भाग लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने निरंतर राष्ट्र सेवा करते हुए भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के पीतमपुरा, शकूरबस्ती विधानसभा के वेस्ट एन्क्लेव और मुस्तफाबाद विधानसभा के महालक्ष्मी विहार में आयोजित सम्मेलनों को संबोधित किया। पीतमपुरा में उन्होंने जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का भी श्रवण किया।
उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने डिजिटल इंडिया, आधुनिक बुनियादी ढांचे, रेलवे, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, रक्षा उत्पादन, पारदर्शी शासन और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ आज देश के विकास का आधार बन चुका है और दिल्ली सरकार भी इसी भावना के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री के ‘कैच द रेन’ अभियान, ‘वोकल फॉर लोकल’ और पर्यावरण संरक्षण के विजन को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद राजधानी की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के विकास कार्यों में तेजी लाई गई है। सड़कों, सीवर, पेयजल, स्कूलों और अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण पर युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है, जबकि केंद्र सरकार के सहयोग से वर्षों से लंबित परियोजनाओं को भी गति दी गई है।
यमुना नदी के पुनर्जीवन और स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वैज्ञानिक और दीर्घकालिक समाधान पर कार्य कर रही है। यमुना में गिरने वाले प्रमुख नालों को चरणबद्ध तरीके से टैप किया जा रहा है तथा नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम को सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए 2,800 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता दी गई है और आधुनिक सफाई मशीनों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य धर्म, जाति या पंथ के आधार पर भेदभाव किए बिना प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘विकसित भारत 2047’ के प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप दिल्ली सरकार ‘विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत करने के लिए 4 जुलाई को 300 नई आधुनिक वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 7 जुलाई से पूरे दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का महाअभियान भी शुरू किया जाएगा।





