दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: व्यापारियों को जीएसटी सुधारों की बारीकियां समझाईं

Admindelhi1
22 Sept 2025 6:01 PM IST
New Delhi: व्यापारियों को जीएसटी सुधारों की बारीकियां समझाईं
x

नई दिल्ली: दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने सोमवार को जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र में एकता मार्केट शुक्र बाजार महावीर एनक्लेव, पार्ट- 3 में जीएसटी सुधारों की जानकारी देने के लिए एक यात्रा का नेतृत्व किया। इस यात्रा में जनकपुरी के कई सारे व्यापारी और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। जीएसटी सुधार आज से प्रभावी हो गए हैं। इन सुधारों का उद्देश्य व्यापार को सरल बनाना, कर प्रणाली को पारदर्शी करना और आम जनता के लिए वस्तुओं की खरीद को अधिक किफायती बनाना है।

मंत्री ने क्षेत्रीय व्यापारियों की दुकानों पर जाकर उनसे संवाद किया और उन्हें विस्तार से बताया कि इन नए सुधारों से न केवल व्यापारियों को बल्कि उपभोक्ताओं को भी सीधा लाभ होगा। इस दौरान क्षेत्र के अनेक व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने इन सुधारों का स्वागत किया।

मंत्री ने व्यापारियों और लोगों को समझाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैसे दिल्ली के लोगों को दिवाली आने से पहले दिवाली के त्योहार के उपहार दिए है।

इस अवसर पर सूद ने कहा कि नवरात्र के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बचत उत्सव की शुरुआत की है। यह एक प्रकार का डबल बोनांजा (अप्रत्याशित लाभ) है। एक तो टैक्स कम हुआ है दूसरा सामान खरीदना भी आसान हुआ है। जिससे न केवल दुकानदार की बिक्री बढ़ेगी बल्कि ग्राहकों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने आम जनता को बताया कि दिल्ली जो मुख्य रूप से मध्यमवर्गीय, सेवा कर्मियों, छोटे दुकानदारों और कारोबारियों का शहर है इस सुधार से विशेष रूप से लाभान्वित होगा। इससे आम लोगों का जीवन आसान होगा साथ ही जेब में पैसा बचेगा और व्यापार भी बढेगा। इससे समग्र रूप से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

आशीष सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जीएसटी सुधारों को लाकर दूरगामी राहत देने का काम किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस राहत को जनता तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री लगातार स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का आह्वान कर रहे हैं। उन्होंने हर भाषण में कहा है कि मेरे देश के किसान, मेरे कुम्हार, मेरे श्रमिकों द्वारा बनाए गए सामान को खरीदिए। यही स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत का रास्ता है। इससे हमारे कारीगरों, छोटे उद्यमियों और हाथ से काम करने वालों की जेब में पैसा पहुंचेगा और यही विकसित भारत का प्रतीक बनेगा।

मंत्री आशीष सूद ने कहा, ‘जीएसटी सुधार सिर्फ कर वसूली का विषय नहीं है, बल्कि यह भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत, प्रतिस्पर्धी और जन-हितैषी बनाने का बड़ा कदम है। 22 सितंबर से लागू हुए ये बदलाव व्यापार को सरल बनाएंगे, निवेश को प्रोत्साहित करेंगे और उपभोक्ताओं को राहत देंगे।

Next Story