दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: उत्तरी रेंज ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा

Admindelhi1
16 Sept 2026 5:47 PM IST
New Delhi: उत्तरी रेंज ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा
x
ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर पुलिस की कार्रवाई, 2,511 चालान

नई दिल्ली: राजधानी में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उत्तरी रेंज ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को बड़े स्तर पर कार्रवाई की। अलग-अलग इलाकों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 2511 चालान काटे। इनमें सबसे ज्यादा कार्रवाई सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ हुई। गलत पार्किंग के 2041 चालान काटे गए।

पुलिस के मुताबिक, अभियान डीसीपी ट्रैफिक उत्तरी रेंज डॉ. सचिन कुमार सिंघल की निगरानी और निर्देशन में चलाया गया। इस दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई की गई। सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़े करने से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ कई जगह जाम की स्थिति बनती है। इसी को देखते हुए गलत पार्किंग पर विशेष जोर दिया गया।

अभियान के दौरान गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। ऐसे वाहन चालकों के 383 चालान काटे गए। गलत दिशा में वाहन चलाना सड़क हादसों की आशंका बढ़ाने के साथ दूसरे वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा करता है।

इसके अलावा वाहनों के शीशों पर नियमों के विपरीत टिंटेड ग्लास का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने इस तरह के 87 चालान किए।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, अभियान का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि सड़कों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर करना, कैरिजवे पर अनावश्यक अवरोध रोकना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए ट्रैफिक कर्मियों को संवेदनशील और ऐसे स्थानों पर लगातार मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं, जहां नियमों का उल्लंघन अधिक होता है। अधिकारियों ने कर्मचारियों को कानून के मुताबिक कार्रवाई करने को कहा है।

उत्तरी रेंज ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि सड़क पर यातायात अनुशासन बनाए रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Next Story