दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: जीटीबी और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में स्पेशल मेडिकल कोर्स की शुरुआत सरकार करेगी: पंकज कुमार सिंह

Admindelhi1
12 March 2026 2:00 AM IST
New Delhi: जीटीबी और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में स्पेशल मेडिकल कोर्स की शुरुआत सरकार करेगी: पंकज कुमार सिंह
x

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार राजधानी के बड़े सरकारी अस्पतालों में दो नए स्पेशल मेडिकल कोर्स शुरू करने जा रही है। प्रस्तावित कोर्स में गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में गायनोकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजी फेलोशिप और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में फैमिली मेडिसिन में डीएनबी प्राइमरी कोर्स शामिल हैं। यह जानकारी दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को एक विज्ञप्ति के जरिए दी।

जीटीबी हॉस्पिटल में गाइनोकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजी फेलोशिप प्रोग्राम को एसोसिएशन ऑफ गाइनेकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजिस्ट्स ऑफ़ इंडिया (एजीओआई) के तहत एक सीट के साथ शुरू करने का प्रस्ताव है। यह फेलोशिप गाइनेकोलॉजिकल कैंसर के डायग्नोसिस और ट्रीटमेंट में स्पेशलाइजेशन विकसित करने पर फोकस करेगी, जो टर्शियरी हेल्थकेयर की स्वास्थ्य सेवाओं में अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इसके अलावा दिल्ली सरकार का नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (एनबीई) से एक्रेडिटेशन मिलने के बाद संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में एमबीबीएस के बाद चार सीटों के साथ फैमिली मेडिसिन में डीएनबी प्राइमरी कोर्स शुरू करने का भी प्रस्ताव है। इस प्रोग्राम का उद्देश्य प्रशिक्षित फैमिली मेडिसिन स्पेशलिस्ट की उपलब्धता को और मज़बूत करना है, जो प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज ने कहा कि हमारी सरकार राजधानी दिल्ली में चिकित्सा शिक्षा और मरीजों की देखभाल अवसंरचना दोनों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में स्पेशल ट्रेनिंग प्रोग्राम के विस्तार से एक मजबूत हेल्थकेयर वर्कफोर्स बनाने में मदद मिलेगी और दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

डॉ. बीआर आंबेडकर मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर प्रिंसिपल की अध्यक्षता में गठित एक्सपर्ट कमिटी ने इन प्रस्तावों की संस्तुति की है और निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत इन्हें मंजूरी दी जा रही है।

Next Story