दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने स्वास्थ्य जांच शिविर का किया उद्घाटन

Admindelhi1
16 July 2026 9:18 PM IST
New Delhi: स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने स्वास्थ्य जांच शिविर का किया उद्घाटन
x
डॉकपैट हेल्थ कैंप से एमसीडी कर्मचारियों को मिली स्वास्थ्य सुविधा

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने गुरुवार को सिविक सेंटर स्थित ए-ब्लॉक कॉन्फ्रेंस हॉल में डॉकपैट के सहयोग से एमसीडी कर्मचारियों के लिए आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में निगम कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ उठाया।

इस अवसर पर सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के कर्मचारी राजधानी को स्वच्छ, स्वस्थ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल एवं समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही बेहतर दक्षता एवं समर्पण के साथ नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान कर सकते हैं।

सत्या शर्मा ने बताया कि डॉकपैट द्वारा आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में कर्मचारियों के लिए ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी), कैल्शियम जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षणों की निःशुल्क व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त हड्डी एवं जोड़ों के रोग, फिजियोथेरेपी, सामान्य चिकित्सा तथा दंत रोग से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं जांच भी उपलब्ध कराई गई।

शर्मा ने शिविर का निरीक्षण कर चिकित्सकों, डॉकपैट की टीम तथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बीमारियों की समय रहते पहचान एवं उपचार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने डॉकपैट शिविर से जुड़े सभी चिकित्सकों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी निगम कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में एमसीडी कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराए तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर इस पहल की सराहना की।

Next Story