दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: दिल्ली में कौशल विकास अभियान की शुरुआत

Admindelhi1
1 May 2026 4:39 PM IST
New Delhi: दिल्ली में कौशल विकास अभियान की शुरुआत
x
"सीएम ने स्किल डेवलपमेंट मिशन का शुभारंभ किया"

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष 35 हजार श्रमिकों को प्रशिक्षित करने वाले कौशल विकास अभियान का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री धीरपुर स्थित संत निरंकारी अस्पताल की निर्माण साइट पर श्रम विभाग और दिल्ली भवन एवं सन्निमार्ण श्रमिक कल्याण बोर्ड की ओर से आयोजित श्रमिक सम्मान समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने श्रमिकों के लिए जल्द ही आधुनिक लेबर चौक और श्रमिक सेवा केंद्र स्थापित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इनके माध्यम से आवश्यक सेवाएं सीधे श्रमिकों तक पहुंचेंगी।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान एक हजार निर्माण श्रमिकों को सुरक्षा किट और श्रमिक परिवारों के 100 बच्चों को शिक्षा किट प्रदान की। उन्होंने मजदूरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय राजधानी में चल रहे विकास कार्यों को गति देने में श्रमिकों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि श्रमिक भाई-बहनों के अथक परिश्रम की बदौलत ही बडे़-बड़े निर्माण कार्य समय पर पूरे हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रमयोगियों के सम्मान को शासन की सोच और नीति के केंद्र में स्थापित किया है। उनके मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत’ का संकल्प श्रमिक सशक्तिकरण से ही आगे बढ़ता है, जहां हर श्रमिक सुरक्षित, सम्मानित और अवसरों से जुड़ा हो। इसी भावना के साथ हमारी सरकार द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए पंजीकरण और नवीनीकरण शुल्क को पूर्णतः माफ किया जा रहा है। वहीं “सामूहिक विवाह योजना” के माध्यम से श्रमिक परिवारों को सम्मानपूर्ण सहयोग मिलेगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

Next Story