दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: शाहदरा फायरिंग केस सुलझा, चार आरोपी पकड़े गए

Admindelhi1
3 Feb 2026 9:07 PM IST
New Delhi: शाहदरा फायरिंग केस सुलझा, चार आरोपी पकड़े गए
x
शाहदरा में फायरिंग करने वाले गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की मेट्रो यूनिट ने शाहदरा मेट्रो स्टेशन के पास हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से एक देशी 9 एमएम पिस्टल, मैगजीन और फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की कार बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सक्रिय एक हथियारबंद आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

मेट्रो के पुलिस उपायुक्त कुशाल पाल सिंह ने मंगलवार को बताया कि 27 और 28 जनवरी की दरम्यानी रात थाना शास्त्री पार्क मेट्रो को पीसीआर कॉल मिली थी कि शाहदरा मेट्रो स्टेशन के पास ईवी चार्जिंग स्टेशन के नजदीक एक कार सवार चार लोगों ने फायरिंग की है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि एक खड़ी पिकअप गाड़ी के अगले हिस्से में गोलियां लगी हुई थीं। शिकायतकर्ता मनीष कुमार ने बताया कि राजनीतिक झंडे और स्टिकर लगी एक कार में सवार बदमाश आए और फायरिंग कर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई। महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास जाल बिछाकर तीन आरोपित संजीत कुमार उर्फ सागर, मोहम्मद जावेद कुरैशी और मुजाहिद को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की कार बरामद हुई, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।

इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित गुफरान उर्फ कालिया को दो फरवरी को कड़कड़डूमा कोर्ट के पास से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह आत्मसमर्पण की कोशिश कर रहा था। उसकी निशानदेही पर मक्की सराय के पास एक पुराने डीएमआरसी बाथरूम के पास से वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई। जांच में सामने आया कि बरामद कार हरियाणा के कुंडली थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी और उसे फर्जी दस्तावेजों व राजनीतिक पहचान के जरिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपित गुफरान उर्फ कालिया कुख्यात बदमाश है और उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित 13 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

Next Story