दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: पुलिस ने किया मर्डर केस का खुलासा, तीन आरोपियों को पकड़ा

Admindelhi1
23 Feb 2026 6:25 PM IST
New Delhi: पुलिस ने किया मर्डर केस का खुलासा, तीन आरोपियों को पकड़ा
x
"फैक्ट्री मालिक की हत्या में तीन गिरफ्तार"

नई दिल्ली: बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में 28 वर्षीय फैक्ट्री मालिक की चाकू गोदकर हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपितों को पकड़ लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू, स्प्लेंडर बाइक और घटना के समय पहने कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने सोमवार को बताया कि 20 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे गौतम कॉलोनी निवासी रवि (28) अपनी फैक्ट्री ‘चौधरी एंटरप्राइजेज’ (डीएसआईआईडीसी), नरेला से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। तभी कुछ हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और गर्दन, कंधे व पीठ पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। गंभीर हालत में उन्हें नरेला के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई रणवीर सिंह की शिकायत पर थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में एफआईआर संख्या 85/26 भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) के तहत दर्ज की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 19 फरवरी को रवि और फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर राहिद उर्फ राहिल के बीच काम को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान रवि ने राहिद को थप्पड़ मार दिया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए राहिद ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस उपायुक्त के अनुसार 22 फरवरी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मेट्रो विहार फेज-2, होलंबी कलां निवासी अभय उर्फ हनुमान (19), रितिक (18) और एक किशोर को पकड़ लिया। इनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और खून से सने कपड़े बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Next Story