दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: भाजपा में संगठनात्मक बदलाव, नितिन नबीन बनेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष

Admindelhi1
19 Jan 2026 5:33 PM IST
New Delhi: भाजपा में संगठनात्मक बदलाव, नितिन नबीन बनेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष
x
"नितिन नबीन का नाम तय"

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने समर्थन पत्र जमा कर दिए हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई दिग्गज नेताओं का समर्थन प्राप्त है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन का भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह समेत शीर्ष नेतृत्व की सहमति के चलते किसी अन्य उम्मीदवार के सामने आने की संभावना बेहद कम है। यदि कोई नामांकन वापस नहीं लिया जाता, तो नितिन नबीन कल औपचारिक रूप से पार्टी अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण करेंगे।

घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, आज दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे, जबकि शाम 4 बजे से 5 बजे तक उनकी जांच होगी। इसके बाद शाम 5 बजे से 6 बजे के बीच नामांकन वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। हालांकि, आवश्यकता पड़ने पर 20 जनवरी को मतदान कर उसी दिन परिणाम घोषित किए जा सकते हैं।

भाजपा के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से बने निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है। किसी उम्मीदवार को प्रस्तावित करने के लिए कम से कम 20 निर्वाचक सदस्यों का समर्थन जरूरी होता है, और यह प्रस्ताव कम से कम पांच राज्यों से आना चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवार का पार्टी का कम से कम 15 वर्षों का सक्रिय सदस्य होना अनिवार्य है।

नितिन नबीन बिहार के एक अनुभवी नेता और मजबूत संगठनकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। वे बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं और वर्ष 2006 में उन्होंने पहली बार पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा में प्रवेश किया था। हाल ही में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और अब वे भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पार्टी की कमान संभालने जा रहे हैं।

Next Story