दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: विधानसभा के पहले सत्र के लिए नोटिस जारी

Admindelhi1
23 Feb 2025 7:20 AM GMT
New Delhi: विधानसभा के पहले सत्र के लिए नोटिस जारी
x
"11 बजे विधायक लेंगे शपथ"

नई दिल्ली: राजधानी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पूरी तरह से एक्शन मोड में है। मंत्री अपने-अपने विभागों का गहन अध्ययन और योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। पिछली सरकार के कार्यकाल की कमियों को ठीक करने के लिए ताबड़तोड़ कदम उठाए जा रहे हैं। इस बीच विधानसभा के पहले सत्र के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है।

विधानसभा सचिवालय की तरफ से जारी नोटिस के मुताबिक, 24 फरवरी को सुबह 11 बजे से सत्र शुरू होगा। पहले विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। दोपहर में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। 25 फरवरी को उपराज्यपाल का अभिभाषण होगा और लंबित सीएजी रिपोर्ट को सदन पटल पर रखा जाएगा। 27 फरवरी को अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव होगा। इसके बाद विधानसभा उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि होने के कारण सत्र नहीं बुलाया गया है।

पक्ष-विपक्ष में नोकझोंक के आसार: सत्र का तीसरा दिन यानी 27 फरवरी को पक्ष और विपक्ष के बीच नोकझोंक हो सकती है। सदन में उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण पर बहस होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सदन में जवाब देंगी। माना जा रहा है कि विपक्ष पर सत्ता पक्ष सीएजी की रिपोर्ट को आधार बनाकर भ्रष्टाचार का आरोप मढ़ेगा। इसमें हर विभाग से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं का लेखा-जोखा होगा। इधर, आप नेताओं के अनुसार चुनाव के दौरान जितने भी वादे भाजपा ने किए हैं, उन्हें पूरा करने के लिए दबाव बनाया जाएगा। सदन में सवाल पूछे जाएंगे।

Next Story