दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: दिल्ली में नई योजना को लेकर सांसदों ने सीएम को धन्यवाद दिया

Admindelhi1
29 July 2026 4:57 PM IST
New Delhi: दिल्ली में नई योजना को लेकर सांसदों ने सीएम को धन्यवाद दिया
x
दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए सांसदों ने सीएम का किया अभिनंदन

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार द्वारा महिलाओं के लिए 2500 रुपये प्रतिमाह की दिल्ली लक्ष्मी योजना को मंजूरी दिए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज और सांसद कमलजीत सहरावत ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार जताया।

समाज की दो महिलाओं संतोष देवी एवं सोनिया के साथ दिल्ली की दो महिला लोकसभा सांसदों कमलजीत सहरावत एवं बांसुरी स्वराज ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित किया और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा दिल्ली लक्ष्मी योजना लागू करने पर उनका आभार प्रकट किया।

संतोष देवी लाजपत नगर में खाने की रेहड़ी लगाती हैं और सोनिया घरेलू कार्य सहायक के रूप में कार्यरत हैं।

कमलजीत सहरावत ने वार्ता में कहा कि दिल्ली का दुर्भाग्य रहा है कि 2014 -2025 तक एक ऐसी सरकार यहां रही जिसने अपनी राजनीतिक स्वार्थ को सर्वोपरि रखा, चाहे उसके लिए दिल्ली की जनता केन्द्र सरकार की योजनाओं से अछूती क्यों ना रह जाये।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने केन्द्र सरकार की किसी भी योजना को दिल्ली में लागू नहीं होने दिया और अपनी ओर से किसी भी तरह की योजनाओं की पहल नहीं की। जो योजनाएं वे लेकर भी आए वह सिर्फ भ्रष्टाचार का माध्यम बनीं।

कमलजीत सहरावत ने कहा कि 2025 में जब रेखा गुप्ता की सरकार बनी तो उन्होंने जो केन्द्रीय योजनाएं दिल्ली में लागू नहीं की गई थीं उन्हें लागू किया और साथ ही अब अपनी नई योजनाओं के माध्यम से दिल्लीवालों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मात्र 16 महीने की सरकार ने कई योजनाएं दी और अब “दिल्ली लक्ष्मी योजना” लागू कर दिल्ली की महिलाओं को लाभ पहुंचाने का काम किया है।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को ग्राउंड पर चरितार्थ करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि “वुमेन लेड डेवलपमेंट” केवल भाजपा का नारा ही नहीं है बल्कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने इसको चरितार्थ करने का काम किया है। चाहे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ हो या फिर जन धन योजना हो। 50 फीसदी से ज्यादा बैंक एकाउंट महिलाओं के ही खोले गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मुद्रा योजना के तहत महिलाओं को वित्तीय मजबूती दी तो उज्जवला योजना के तहत उन्हें समाजिक न्याय दिया।

स्वराज ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जो अभियाना चलाया उसमें दिल्ली पीछे रह रही थी क्योंकि दिल्ली में तत्कालिन आप-दा की सरकार ने राजनीति द्वेष के कारण उन्हे लागू करने से रोक दिया था लेकिन जब भाजपा की सरकार बनी तो तुरन्त कैबिनेट में केन्द्रीय योजनाओं को दिल्ली में लागू करने की स्वीकृति दे दी और अब दिल्ली की हर माता-बहन को प्रतिमाह 2500 रुपये मिलेंगे जिसके लिए ऑनलाइन पोर्टल बनाया गया है जो एक अगस्त से सुचारु रुप से चलना शुरु हो जाएगा और इससे 21 से 60 वर्ष आयु की 17 लाख महिलाएं लाभांवित होने वाली हैं।

पत्रकार वार्ता में दिल्ली भाजपा की महामंत्री योगिता सिंह, उपाध्यक्ष सोना कुमारी एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता उपस्थित रही।

Next Story