दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: एमसीडी ने कुदसिया बाग में रोपे 100 से ज्यादा पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Admindelhi1
25 Aug 2026 9:44 PM IST
New Delhi: एमसीडी ने कुदसिया बाग में रोपे 100 से ज्यादा पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
x
कुदसिया बाग में एमसीडी का पर्यावरण अभियान, 100 से अधिक पौधे लगाए गए

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने मंगलवार को कश्मीरी गेट स्थित ऐतिहासिक कुदसिया बाग में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य दिल्ली के हरित क्षेत्र को बढ़ाना, जैव विविधता में सुधार करना तथा एक स्वस्थ शहरी वातावरण का निर्माण करना रहा।

दिल्ली नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त संजीव मित्तल, अतिरिक्त आयुक्त बी एस जगलान तथा जोनल उपायुक्त श्वेता नागरकोटी ने वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया और स्थल पर पौधे लगाए। इस अवसर पर उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा स्थानीय निवासी भी उपस्थित रहे।

कुदसिया बाग में सुबह सैर करने वाले तथा नियमित रूप से आने वाले बड़ी संख्या में लोगों ने भी इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनता के सशक्त समर्थन को दर्शाता है।

अभियान के दौरान कुल 101 पौधे रोपे गए, जिनमें फूलदार, फलदार तथा छायादार वृक्षों की प्रजातियाँ शामिल थीं। इनमें आम, जामुन, अमरूद, इमली, आंवला, कटहल, अमलतास, कचनार, चंपा, गुलमोहर, हरसिंगार और नीम आदि प्रजातियां शामिल थीं।

देशी एवं जलवायु के अनुकूल प्रजातियों के इस विविध चयन से इस ऐतिहासिक बाग के पारिस्थितिक और सौंदर्यपरक मूल्य में वृद्धि होगी, साथ ही यह छाया, मौसमी फूल, फल तथा पक्षियों व अन्य शहरी जैव विविधता के लिए आवास भी प्रदान करेगा।

अतिरिक्त आयुक्त ने इस बात पर बल दिया कि वृक्षारोपण केवल एक दिवसीय गतिविधि नहीं, बल्कि एक दीर्घकालिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने नागरिकों से वृक्षारोपण में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा दिल्ली को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण की दृष्टि से अधिक टिकाऊ बनाने के एमसीडी के प्रयासों में सहयोग देने की अपील की।

उद्यान विभाग ने आश्वासन दिया कि नवरोपित पौधों की उचित सिंचाई, देखभाल और निगरानी सुनिश्चित की जाएगी ताकि उनकी स्वस्थ वृद्धि तथा अधिकतम जीवित रहने की दर सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम का समापन अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों द्वारा वृक्षों की रक्षा करने, पर्यावरण के संरक्षण तथा हरित दिल्ली के निर्माण में योगदान देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Next Story