दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: एमसीडी ने मंदिरों के लिए स्वच्छता निर्देश जारी किए

Admindelhi1
19 March 2026 1:22 AM IST
New Delhi: एमसीडी ने मंदिरों के लिए स्वच्छता निर्देश जारी किए
x
"चैत्र नवरात्र में मंदिरों की सफाई अभियान"

नई दिल्ली: चैत्र नवरात्र के अवसर पर दिल्ली में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। एमसीडी की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने इस संबंध में सभी जोन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सत्या शर्मा ने बताया कि नवरात्र के दौरान शहर के प्रमुख मंदिरों और उनके आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई को प्राथमिकता दी जाएगी। अभियान के तहत मंदिर परिसरों, सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई, कचरा उठान और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मंदिरों के आसपास स्थित ढलाव घरों की सफाई रात्रि में ही सुनिश्चित की जाए, ताकि दिन के समय दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को भी विशेष रूप से सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।

एमसीडी ने विशेष रूप से उन मंदिरों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा है जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इन स्थानों पर मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था, अतिरिक्त डस्टबिन की स्थापना और पूजा सामग्री के उचित निस्तारण के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।

सत्या शर्मा ने कहा कि नवरात्र के दौरान स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।

अंत में उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करें और पूजा सामग्री को निर्धारित स्थानों पर ही डालें। साथ ही, उन्होंने सभी दिल्लीवासियों को चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।

Next Story