दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: सड़कों के चौड़ीकरण के लिए सर्वे और सीमांकन कार्य में तेजी लाने का निर्देश: कपिल मिश्रा

Admindelhi1
12 March 2026 2:02 AM IST
New Delhi: सड़कों के चौड़ीकरण के लिए सर्वे और सीमांकन कार्य में तेजी लाने का निर्देश: कपिल मिश्रा
x
"सड़कों के चौड़ीकरण के लिए सर्वे और सीमांकन में तेजी लाएं"

नई दिल्ली: दिल्ली के श्रम एवं रोजगार मंत्री कपिल मिश्रा ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में सड़क चौड़ीकरण एवं भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों और विकास कार्यों को गति देने के लिए बुधवार को दिल्ली सचिवालय में संबंधित अधिकरियों के साथ बैठक की। बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट भी उपस्थित रहे। मंत्री ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली डीएम, एमसीडी उपायुक्त, राजस्व अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मिश्रा ने दयालपुर चौक से शिव विहार तिराहा तक करावल नगर रोड में पुनः सीमांकन (डिमार्केशन) करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह कार्य अगले 2 से 3 दिन में पूरा करने के लिए राजस्व अधिकारियों को कहा। मिश्रा ने इस सड़क की चौड़ाई 80 मीटर करने के लिए आवश्यक सर्वे का कार्य भी एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। जिससे यह तय किया जा सके कि चौड़ीकरण के लिए किन संपत्तियों और खसरा नंबरों का न्यूनतम अधिग्रहण आवश्यक होगा।

मिश्रा ने कहा कि उत्तर पूर्वी दिल्ली और यमुनापार क्षेत्र में यह ऐतिहासिक विकास का दौर है। सभी बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्यों को गति दें, ताकि जल्द से जल्द लोगों को उसका लाभ मिले। मंत्री ने काली घटा रोड को प्रस्तावित 60 फीट चौड़ा करने के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए। राजस्व विभाग को साइट सर्वे जल्द पूरा करने और एमसीडी को वार्ड समिति से आवश्यक प्रस्ताव पारित कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

कपिल मिश्रा ने कहा कि उत्तर पूर्वी दिल्ली एवं करावल नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, बेहतर बुनियादी सुविधाएं देने और लोगों की जीवन गुणवत्ता में सुधार के लिए सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

Next Story