- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- New Delhi: दिल्ली...
New Delhi: दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश हुई

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में शनिवार देर रात मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। कई इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश देखने को मिली। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद सहित एनसीआर के अन्य इलाकों में बीती रात जमकर बारिश हुई।
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए तेज बारिश और आंधी का पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था। बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। जिसके कारण लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में जलभराव हो गया है, जिसके बाद दिल्ली कैंट इलाके में एक बस और एक कार पानी में डूब गई।
एनसीआर में कल रात आई आंधी और भारी बारिश के कारण अकबर रोड पर कई पेड़ गिर गए, जिन्हें हटाने का काम चल रहा है।
राजधानी में मई महीने के अंत तक बारिश होने का अनुमान है। ऐसे में मौसम खुशनुमा रहेगा। बारिश के बावजूद पारा धीरे-धीरे चढ़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने व तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं, 30 मई को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे। तापमान 37-40 डिग्री के बीच बना रहेगा। अगले सप्ताह प्री मानसून गतिविधियों के बढ़ने की संभावना है। वहीं, रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ आंधी और बिजली कड़केगी। इस दौरान तेज हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटा की गति से चलने की संभावना है, जो गरज के साथ अस्थायी रूप से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।





