- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- New Delhi: 1 करोड़...
New Delhi: 1 करोड़ युवाओं को एआई स्किल सिखाएगी सरकार, पीएम मोदी ने बताया लक्ष्य

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को लाल किले की प्राचीर से ऐलान किया कि सरकार अगले एक साल में देश के 1 करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) स्किल की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य भारतीय युवाओं को ग्लोबल स्तर पर एआई का नेतृत्व करने के लिए तैयार करना है।
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने 'विकसित भारत' के विजन को साकार करने में देश के युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। मोदी ने कहा कि अगले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को एआई की स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए एआई की ट्रेनिंग देने के साथ- साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग प्रदान की जाएगी।
मोदी ने कहा सरकार के इस पहल का उद्देश्य भारतीय युवाओं को ग्लोबल स्तर पर एआई का नेतृत्व करने के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य ‘फॉर्च्यून 500’ में 50 भारतीय कंपनियों को शामिल कराना होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि भारत हरित आंदोलन को मजबूती दे रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के पास स्थिर राजनीतिक जनादेश, स्थिर सरकार, जीवंत लोकतंत्र, मजबूत न्यायिक व्यवस्था और हमारा मार्गदर्शन करने वाला संविधान है। उन्होंने कहा कि हमें रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर’ बनना होगा। मोदी ने कहा कि अगली पीढ़ी की रक्षा प्रौद्योगिकी का लाभ उठाकर हमें वैश्विक आपूर्तिकर्ता बनना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के लिए अपना बाजार बंद नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि हमें गुणवत्तापूर्ण वस्तुओं का उत्पादन करना होगा।
उन्होंने कहा कि दुनिया ने महसूस किया है कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का कोई विकल्प नहीं है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें डिजिटल सार्वजनिक प्रौद्योगिकियों को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भारत निर्मित 6जी को पूरी दुनिया में पहुंचाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष पर विशेष ध्यान दे रहा है, जिसके तहत डेटा केंद्र और प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। मोदी ने कहा कि दुनिया के बाजार हमारे किसानों के लिए खुले हैं, भारतीय कृषि उत्पादों को वैश्विक ब्रांड बनाना होगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए, हमारा मंत्र ‘गुणवत्ता, गुणवत्ता, गुणवत्ता’ होना चाहिए।





