- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- New Delhi: जलभराव पर...
New Delhi: जलभराव पर सरकार के दावे गलत साबित हुए: देवेंद्र यादव

नई दिल्ली: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली सरकार का मानसून के दौरान जल-भराव को रोकने के लिए पूरी तैयारी करने के दावे पहली बारिश में गलत साबित हुए हैं। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में मंगलवार और बुधवार को बारिश के बाद कई सड़कें डूब गईं, जिनमें वे 'हॉट स्पॉट' भी शामिल थे जिनकी पहचान दिल्ली सरकार ने जल-भराव रोकने के लिए की थी।
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली सरकार ने ट्रैफिक पुलिस और लगातार बारिश के डेटा के आधार पर 445 जल-जमाव वाले हॉट स्पॉट की मैपिंग का दावा किया था, जिसमें 169 बहुत संवेदनशील जगहें और गंभीर जल-भराव वाली महत्वपूर्ण जगहें (जैसे मिंटो ब्रिज, ज़खीरा, द्वारका, पुल प्रहलाद पुर और सरिता विहार) शामिल थीं। पिछले 24 घंटों में इस स्थानो जलभराव हुआ। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग पानी से भरी सड़कों और गलियों में गंदे नाले के पानी के वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल-भराव के कारण लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पाए और बच्चे स्कूल जाने और वापस आने के लिए गंदे नाले के पानी से होकर गुजरते दिखाई दिए।
देवेंद्र यादव ने कहा कि मानसून सीजन से पहले राजधानी की नालियों से 3.4 मिलियन मीट्रिक टन से ज्यादा गाद निकालने का दावा किया गया, लेकिन पहली बारिश में कई इलाकों में जल-भराव की समस्या आई है।





