दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: डॉक्टर के क्लीनिक में गोलीबारी, पुलिस ने शुरू की जांच

Admindelhi1
13 Oct 2025 11:20 AM IST
New Delhi: डॉक्टर के क्लीनिक में गोलीबारी, पुलिस ने शुरू की जांच
x

नई दिल्ली: उत्तम नगर इलाके में डॉक्टर के क्लीनिक पर गोलीबारी करने का मामला सामने आया है। गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है। जांच के दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें दो नकाबपोश बदमाश गोलीबारी करते हुए दिख रहे हैं। पीड़ित डॉक्टर के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस फुटेज के आधार पर गोलीबारी करने वाले बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक 52 साल के डॉक्टर का हस्तसाल गांव में क्लीनिक है। उत्तम नगर थाने में 10 अक्तूबर को दर्ज प्राथमिकी में डॉक्टर ने बताया कि घटना 7 अक्तूबर की है। छह अक्तूबर को काम खत्म करने के बाद वह क्लीनिक बंद कर उसी परिसर में बने कमरे में सो गए। अगले दिन सुबह नींद खुलने पर उन्होंने क्लीनिक में कुछ कांच के टूकड़े पड़े हुए देखे। इंट्री के पास शीशे में एक छेद था। साथ ही शटर पर भी एक छेद था। फायरिंग की आशंका को देखते हुए उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके पर जांच पड़ताल करने के बाद साक्ष्य हासिल किए। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिसमें पुलिस ने देखा कि नकाबपोश दो बदमाश बाइक से आए और जान बूझकर क्लीनिक को निशाना कर गोली चलाई। घटना को अंजाम देकर दोनों बदमाश भाग गए। पुलिस ने पीड़ित डॉक्टर के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को आशंका है कि डॉक्टर कोे डराने के लिए बदमाशों ने गोलीबारी की है। गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस फुटेज और बदमाशों की बाइक नंबर के जरिए उनकी पहचान करने में जुटी है।

Next Story