दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड जारी करने में दिल्ली का बड़ा कदम

Admindelhi1
28 May 2026 11:38 AM IST
New Delhi: आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड जारी करने में दिल्ली का बड़ा कदम
x
दिल्ली में आयुष्मान योजना के तहत लाखों लाभार्थियों को कार्ड जारी

नई दिल्ली: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि 'आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना' (एबी-पीएम-जेएवाई) के तहत राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में कुल 7,72,129 आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनमें 'वय वंदना योजना'(वीवीएस) के तहत 2 लाख 90 हजार 475 कार्ड और नॉन-वीवीएस श्रेणी के तहत 4 लाख 81 हजार 654 कार्ड शामिल हैं। इसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों और पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सेवा कवरेज का लाभ मिल रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एबी-पीएम-जेएवाई योजना के तहत स्वास्थ्य सेवा सहायता को और मजबूत कर रही है, जिसके अंतर्गत नागरिकों को 10 लाख रुपए तक का कैशलेस स्वास्थ्य कवरेज पाने के पात्र हैं। इसमें केंद्र सरकार की एबी-पीएम-जेएवाई योजना के तहत 5 लाख रुपये का कवरेज और दिल्ली सरकार द्वारा दिया जाने वाला अतिरिक्त 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवरेज शामिल है।

इस योजना के तहत अब तक 46 हजार 963 लाभार्थियों ने इलाज का लाभ उठाया है, जबकि 86.22 करोड़ रुपये के 34 हजार 715 क्लेम का निपटारा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि एबी-पीएम-जेएवाई योजना के तहत दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने के लिए पैनल में शामिल 233 अस्पतालों के एक मजबूत नेटवर्क का समर्थन मिल रहा है, जिसमें 181 प्राइवेट और 52 सरकारी अस्पताल शामिल हैं।

हीटवेव की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने लू से जुड़ी आपात स्थितियों से निपटने के लिए दिल्ली सरकार की तैयारियों की एक बार फिर से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था मौसम की हर स्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है, जिसमें समुचित देखभाल और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी जा रही है। पूरी दिल्ली में आईसीयू बेड, आपातकालीन सेवाएं, विशेष वार्ड, मोबाइल राहत इकाइयां, अस्पताल, पॉलीक्लिनिक और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को हीटवेव के लिए तैयार रखा गया है।

Next Story