दिल्ली-एनसीआर

नई दिल्ली: हुड़दंग करने वालों पर दिल्ली पुलिस का एक्शन

Admin Delhi 1
19 March 2022 9:54 AM GMT
नई दिल्ली: हुड़दंग करने वालों पर दिल्ली पुलिस का एक्शन
x

दिल्ली न्यूज़ अपडेट: राजधानी में दो साल बाद लोगों ने जमकर होली खेली और इस दौरान ट्रैफिक नियमों की भी जमकर धज्जियां उड़ाई। ऐसे लोगों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने भी मुस्तैदी से एक्शन लिया। इस वर्ष बिना हेलमेट दुपहिया चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने वाले और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की संख्या में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इसके अलावा रात के समय शब-ए-बारात के मौके पर हुड़दंग करने वालों से भी सख्ती से निपटा गया है।

पुलिस के अनुसार दिल्ली में वर्ष 2020 में लोगों ने जमकर होली खेली थी। वर्ष 2021 में कोविड के चलते सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक होने के चलते लोगों ने घर में ही होली का त्योहार मनाया था, लेकिन इस बार एक बार फिर लोगों ने जमकर होली खेली है। इस वजह से ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामलों में वर्ष 2021 के मुकाबले बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। वहीं वर्ष 2020 की तुलना में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन में कमी देखने को मिली है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की थी और इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है। ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने एवं उल्लंघन करने वालों पर नजर रखने के लिए तीन हजार से ज्यादा ट्रैफिक पुलिसकर्मी होली पर तैनात किए गए थे।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार इस वर्ष शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की धरपकड़ के लिए 100 से ज्यादा टीमों को लगाया गया था। बीते वर्ष ट्रैफिक पुलिस ने 100 लोगों को शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़ा था। लेकिन इस बार 196 लोग शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए ट्रैफिक पुलिस द्वारा पकड़े गए हैं। वर्ष 2020 में 647 लोगों को शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़ा गया था। होली के मौके पर सबसे ज्यादा चालान प्रत्येक वर्ष बिना हेलमेट दुपहिया चलाने वालों के होते हैं। होली के मौके पर बिना हेलमेट दुपहिया चला रहे 1673 लोगों का चालान किया गया। जबकि वर्ष 2021 में होली के दिन यह संख्या 1255 थी। ट्रिपल राइडिंग करने वालों की संख्या में भी इस बार बढ़ोत्तरी हुई है। वर्ष 2021 में जहां 170 दुपहिया चालक ट्रिपल राइडिंग में पकड़े गए थे तो वहीं इस वर्ष उनकी संख्या 275 रही है। खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाने वालों की संख्या में कमी आई है। बीते वर्ष डेंजर ड्राइविंग में 121 लोग पकड़े गए थे जबकि इस बार ऐसे 25 लोग ही पकड़े गए हैं। रात के समय शब-ए-बारात को लेकर भी ट्रैफिक पुलिस और लोकल पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए थे। इस दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एक्शन लिया गया। बिना हेलमेट दुपहिया चलाते हुए 248 लोगों को जहां पकड़ा गया तो वहीं दुपहिया पर ट्रिपल राइडिंग करते हुए 39 लोगों के खिलाफ एक्शन लिया गया है।

अपराध साल- 2019 साल- 2020 साल- 2021 साल- 2022

ड्रंकन ड्राइविंग- 1736- -647- -100- -196

ट्रिपल राइडिंग- 1446- -181 -170 -275

बिना हेलमेट-5092 -1192 -1255 -1673

डेंजर ड्राइविंग-326 -156 -121 -25

Next Story