दिल्ली-एनसीआर

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली से हिस्ट्रीशीटर को किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
2 April 2022 10:45 AM GMT
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली से हिस्ट्रीशीटर को किया गिरफ्तार
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़ अपडेट: बाहरी दिल्ली के निहाल विहार पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। वह 11 वारदातों में शामिल रहा है। आरोपित की पहचान बिजेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से दो मोबाइल फोन और चोरी की एक मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपित के पकड़े जाने के बाद तीन वारदातों का खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस आरोपित के नेटवर्क के बारे में पता करने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि निहाल विहार और उसके आसपास के इलाके में झपटमारी और लूट की वारदात बढ़ने पर एसीपी आशीष कुमार और एसएचओ अजय कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम सादे कपड़ों में संदिग्ध वाहनों पर नजर रख रही थी। एएसआई सुजान सिंह, हेड कांस्टेबल पवन कुमार और कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह वारदातों की जगह पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर आरोपितों के बारे में पता करने की कोशिश कर रहे थे। साथ ही इलाके के हिस्ट्रीशीटरों पर भी निगाह रखे हुए थे।

बीते शुक्रवार को जब हेड कांस्टेबल पवन कुमार और कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह इलाके में गश्त कर रहे थे। तभी बिजेन्द्र सिंह पुलिस को देखकर भागने लगा। शक होने पर उसे पकड़ा गया। पुलिस ने बिजेन्द्र के पास से दो फोन जब्त किये, जिसे वह बेचने की कोशिश कर रहा था। मौके से जब्त बाइक सुल्तानपुरी से चोरी की गई थी।

Next Story