दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: दिल्ली भाजपा ने सौरभ भारद्वाज के कथन पर सवालिया निशान लगाए

Admindelhi1
11 March 2026 12:40 AM IST
New Delhi: दिल्ली भाजपा ने सौरभ भारद्वाज के कथन पर सवालिया निशान लगाए
x
"सौरभ भारद्वाज के बयान पर दिल्ली भाजपा ने किया तीखा सवाल"

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के नेता सौरभ भारद्वाज द्वारा दिल्ली उच्च न्यायालय की एक न्यायाधीश को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि किसी न्यायाधीश का राजनीतिक दल से संबंध पूछना पूरी न्यायिक व्यवस्था का अपमान है।

सचदेवा ने मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि दिल्ली भाजपा इस मामले में न्यायिक विशेषज्ञों से सलाह ले रही है और भारद्वाज की टिप्पणी को अदालत के संज्ञान में लाने पर विचार किया जा रहा है। उनके अनुसार, इस तरह की टिप्पणियां न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेता उन न्यायाधीशों की प्रशंसा करते हैं जो उनके पक्ष में फैसला देते हैं, लेकिन जब कोई फैसला उनके खिलाफ आता है या उनके पक्ष में दिए गए फैसले के खिलाफ अपील सुनी जाती है तो वे न्यायाधीशों की निष्पक्षता पर सवाल उठाने लगते हैं।

सचदेवा ने यह भी कहा कि दिल्ली भाजपा लंबे समय से कथित शराब घोटाले के मुद्दे को उठाती रही है और इसमें कई साक्ष्य सामने लाने में सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि दिल्ली के राजस्व हितों की रक्षा हो और इस मामले में सभी दोषियों को सज़ा मिले।

उन्होंने कहा कि कानूनी मामलों में जब नया आपराधिक केस दायर किया जाता है या किसी फैसले के खिलाफ अपील की जाती है तो यह जीत की उम्मीद के साथ ही की जाती है। ऐसे में भाजपा का अरविंद केजरीवाल और अन्य आरोपितों को सज़ा मिलने की उम्मीद रखना सामान्य कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है।

Next Story